देहरादून में नशा तस्करों पर पुलिस का शिकंजा, 4 गिरफ्तार; 22.83 ग्राम स्मैक और 1.366 किलो गांजा बरामद

देहरादून। दून पुलिस ने नशा तस्करी के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए अलग-अलग थाना क्षेत्रों से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से कुल 22.83 ग्राम स्मैक और 1 किलो 366 ग्राम गांजा बरामद किया गया है। बरामद मादक पदार्थों की अनुमानित कीमत करीब सात लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमे दर्ज किए हैं।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार में लिप्त व्यक्तियों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में विभिन्न थाना क्षेत्रों में चेकिंग अभियान चलाकर यह कार्रवाई की गई।
पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने 23 अक्टूबर को चेकिंग के दौरान दीपक कुमार (35 वर्ष), निवासी ब्रह्मपुरी, पटेलनगर, देहरादून को 1 किलो 366 ग्राम अवैध गांजे के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने जल्दी पैसा कमाने के लालच में नशा तस्करी में शामिल होने की बात बताई। वह स्थानीय नशे के आदी लोगों को मादक पदार्थ ऊंचे दामों पर बेचकर मुनाफा कमाने की फिराक में था।
ऋषिकेश कोतवाली पुलिस ने चेकिंग के दौरान दो आरोपियों को स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। इनमें अमृत निवासी सपेरा बस्ती, काले की ढाल, ऋषिकेश के कब्जे से 8.37 ग्राम और गौरव कुमार (22 वर्ष), निवासी ग्राम कुंवरपुर उर्फ चतरभोज, थाना मंडावर, जिला बिजनौर, उत्तर प्रदेश के कब्जे से 7.24 ग्राम स्मैक बरामद की गई। दोनों के विरुद्ध मुकदमा संख्या 556/2026 के तहत एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/21 में अभियोग दर्ज किया गया है।
सहसपुर कोतवाली पुलिस ने 23 अक्टूबर की शाम लांघा रोड के पास चेकिंग के दौरान सुरजीत धीमान (30 वर्ष), निवासी ग्राम छरबा, थाना सहसपुर, देहरादून को 7.22 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी के विरुद्ध मुकदमा संख्या 274/2026 के तहत एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/21 में मामला दर्ज किया गया है।
दून पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।


