हरिद्वार में जिला योजना समिति निर्वाचन के परिणाम घोषित, 13 सदस्य निर्वाचित
हरिद्वार,। जिला योजना समिति निर्वाचन-2026 के अंतर्गत हरिद्वार जनपद के नगर निकाय क्षेत्र से 13 सदस्यों के निर्वाचन परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। इनमें सात सदस्य मतदान के माध्यम से निर्वाचित हुए, जबकि छह सदस्यों को निर्विरोध चुना गया। मुख्य विकास अधिकारी एवं प्रभारी अधिकारी, पंचायती निर्वाचनालय डॉ. ललित नारायण मिश्र ने बताया कि निर्वाचन और मतगणना की प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई गई।
राज्य निर्वाचन आयोग, उत्तराखंड की नौ अक्टूबर 2026 की अधिसूचना के अनुपालन में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मतगणना के बाद परिणाम तैयार किए गए। घोषित परिणामों के अनुसार नगर निगम रुड़की प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्र से पांच सदस्य मतदान के माध्यम से निर्वाचित हुए।
इस क्षेत्र से नीतू शर्मा, रिशु वर्मा, शहनाज, संजीव तोमर और सतवीर सिंह ने जीत दर्ज की। इस निर्वाचन क्षेत्र में नगर निगम रुड़की के साथ नगर पंचायत रामपुर, डंडेरा और पाडली गुज्जर शामिल थे। मतगणना रोशनाबाद स्थित अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के न्यायालय कक्ष संख्या 359 में हुई। यहां सहायक रिटर्निंग अधिकारी दीपक रामचन्द्र शेट थे।
नगर पालिका परिषद मंगलौर प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्र से मो. सलमान अंसारी निर्वाचित हुए। इस निर्वाचन क्षेत्र में मंगलौर नगर पालिका परिषद और नगर पंचायत झबरेड़ा शामिल हैं। वहीं, नगर पालिका परिषद लक्सर प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्र से अरविन्द कुमार ने जीत हासिल की। इस क्षेत्र में लक्सर नगर पालिका परिषद के साथ दो अन्य नगर पंचायतें शामिल हैं। इस निर्वाचन क्षेत्र में सहायक रिटर्निंग अधिकारी अखिल कुमार शुक्ला थे, जबकि मंगलौर क्षेत्र में प्रकाश जोशी ने यह जिम्मेदारी निभाई।
छह सदस्य निर्विरोध निर्वाचित
निर्विरोध निर्वाचन में नगर पंचायत पिरान कलियर प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्र से नाजिम निर्वाचित हुए। इस क्षेत्र में नगर पंचायत पिरान कलियर, भगवानपुर और इमलीखेड़ा शामिल हैं।
नगर निगम हरिद्वार प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्र से पांच सदस्य निर्विरोध चुने गए। इनमें अन्नू मेहता, निशा, यादराम वालिया, ललित सिंह रावत और सचिन अग्रवाल शामिल हैं। इस निर्वाचन क्षेत्र में नगर निगम हरिद्वार और नगर पालिका परिषद शिवालिक नगर सम्मिलित हैं। निर्विरोध निर्वाचित सदस्यों की सूची 14 अक्टूबर 2026 को तैयार की गई थी।
जिला योजना समिति निर्वाचन-2026 के तहत नगर निकाय क्षेत्र से कुल 13 सदस्यों का निर्वाचन पूरा होने के साथ ही परिणाम संबंधी सूचियां और विवरण निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार राज्य निर्वाचन आयोग, उत्तराखंड को भेज दिए गए हैं।


