HTML tutorial
HTML tutorial

एसटीएफ की त्वरित कार्रवाई से 15 दिन में बचाए 1.95 करोड़ रुपये

एसटीएफ की त्वरित कार्रवाई से 15 दिन में बचाए 1.95 करोड़ रुपये
Spread the love

देहरादून। उत्तराखण्ड में साइबर ठगों के विरुद्ध एसटीएफ की कार्रवाई लगातार जारी है। साइबर धोखाधड़ी की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एसटीएफ के अधीन संचालित राष्ट्रीय साइबर वित्तीय हेल्पलाइन-1930 कंट्रोल रूम ने 16 से 31 अक्टूबर 2026 के बीच 15 दिनों में साइबर अपराध पीड़ितों की करीब 1 करोड़ 95 लाख रुपये की धनराशि बचाने में सफलता हासिल की है। ठगी की सूचना मिलते ही संबंधित बैंकों, वित्तीय संस्थानों एवं नोडल अधिकारियों से समन्वय कर संदिग्ध खातों में धनराशि होल्ड अथवा फ्रीज कराने की कार्रवाई की जा रही है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, एसटीएफ उत्तराखण्ड ने साइबर अपराध पीड़ितों को तत्काल राहत दिलाने और अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में 1930 कंट्रोल रूम की टीम प्रतिदिन प्राप्त होने वाली शिकायतों पर प्राथमिकता से कार्रवाई कर रही है।

एसटीएफ की ओर से जारी विवरण के अनुसार, 16 अक्टूबर को काशीपुर निवासी आदेश गुप्ता के साथ एपीके लिंक के माध्यम से 6.30 लाख रुपये की साइबर धोखाधड़ी हुई। हेल्पलाइन की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूरी धनराशि होल्ड करा दी। इसी दिन किच्छा निवासी हरीश खुराना से पहचान की नकल और सोशल इंजीनियरिंग के माध्यम से 14.62 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई, जिसमें 8.07 लाख रुपये से अधिक की धनराशि होल्ड कराई गई।

 

18 अक्टूबर को डोईवाला निवासी मोनिका बोहरा के साथ आरटीजीएस के माध्यम से 3.65 लाख रुपये की धोखाधड़ी हुई। एसटीएफ ने पूरी धनराशि होल्ड कराने में सफलता हासिल की।

26 अक्टूबर को पंतनगर निवासी त्रिलोचन सिंह के 96,700 रुपये, हल्द्वानी निवासी प्रकाश सिंह के 42 हजार रुपये और रायवाला निवासी अमर के 50 हजार रुपये की साइबर ठगी के मामलों में पूरी धनराशि होल्ड कराई गई। इसी दिन सितारगंज निवासी राजपाल के साथ 70,719 रुपये की धोखाधड़ी हुई, जिसमें 57,719 रुपये होल्ड कराए गए।

29 अक्टूबर को काशीपुर निवासी वरुण के 35,500 रुपये की पूरी धनराशि होल्ड कराई गई। वहीं 31 अक्टूबर को लक्सर निवासी नितिन के साथ 60,207 रुपये से अधिक की साइबर धोखाधड़ी के मामले में 49,998 रुपये से अधिक की धनराशि होल्ड कराई गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ ने आमजन से अपील की है कि अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, ओटीपी, पिन अथवा यूपीआई पिन किसी के साथ साझा न करें। बैंक खाता किराये या कमीशन पर देना भी अपराध है। अज्ञात स्रोत से खाते में धनराशि आने पर तत्काल बैंक और पुलिस को सूचना दें।

उन्होंने कहा कि अनजान नंबरों से आने वाली वीडियो कॉल पर बात करने और किसी के साथ व्यक्तिगत दस्तावेज या गोपनीय जानकारी साझा करने से बचें। पुलिस, सीबीआई या ईडी का अधिकारी बनकर डिजिटल अरेस्ट की धमकी देने वालों से सावधान रहें। कोई भी जांच एजेंसी ऑनलाइन गिरफ्तारी नहीं करती। फर्जी वेबसाइट, निवेश के नाम पर अधिक लाभ के प्रलोभन और गूगल पर उपलब्ध अप्रमाणित ग्राहक सेवा नंबरों से भी सतर्क रहें।

साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें अथवा www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।

देवभूमि खबर

Related articles