रुद्रप्रयाग महिला हत्याकांड का खुलासा, पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

Spread the love

रुद्रप्रयाग। जिला मुख्यालय रुद्रप्रयाग स्थित एक होटल में हुई महिला हत्या की घटना का रुद्रप्रयाग पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हरियाणा के चीका क्षेत्र से पकड़कर रुद्रप्रयाग लाया है।

जानकारी के अनुसार 7 मार्च 2026 की शाम करीब 8 बजे गैलेक्सी होटल के प्रबंधन द्वारा कोतवाली रुद्रप्रयाग को सूचना दी गई कि उनके होटल में ठहरी एक महिला कमरे में बेहोशी की हालत में पड़ी है। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने महिला को तत्काल जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने होटल के कमरे को सील कर फॉरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य संकलन की कार्रवाई की।

प्रारंभिक जांच में पता चला कि महिला अपने पति और उसके एक दोस्त के साथ 6 मार्च की रात होटल में ठहरी थी। 7 मार्च की सुबह दोनों व्यक्ति यह कहकर कमरे से निकले कि वे थोड़ी देर में लौटेंगे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं आए। इस पर होटल प्रबंधन को शक हुआ और पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस द्वारा जांच के दौरान महिला के परिजनों से संपर्क किया गया। 8 मार्च को महिला के परिजन रुद्रप्रयाग पहुंचे और जिला चिकित्सालय में मृतका की पहचान काजल पुत्री पप्पू निवासी पीपली, जिला कुरुक्षेत्र (हरियाणा) के रूप में की। परिजनों की मौजूदगी में पुलिस ने पंचायतनामा भरकर चिकित्सकों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया।

मृतका के भाई अकबर पुत्र पप्पू निवासी पीपली, जिला कुरुक्षेत्र (हरियाणा) की तहरीर पर कोतवाली रुद्रप्रयाग में मुकदमा संख्या 14/2026 धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता के तहत अरुण और अक्षय के खिलाफ हत्या का नामजद मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग के निर्देश पर पुलिस टीमों ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मैनुअल पुलिसिंग के माध्यम से दोनों आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने 10 मार्च 2026 की शाम पटियाला रोड, थाना चीका क्षेत्र से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस पूछताछ में आरोपी अरुण कुमार ने बताया कि वह पिछले चार वर्षों से काजल के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था। 4 मार्च को वह काजल और अपने दोस्त अक्षय के साथ घूमने निकला था। अंबाला और हरिद्वार होते हुए वे 6 मार्च को रुद्रप्रयाग पहुंचे और गैलेक्सी होटल में कमरा लेकर ठहरे। 7 मार्च की सुबह काजल और अरुण के बीच विवाद हो गया, जो हाथापाई में बदल गया। इस दौरान अरुण ने काजल के हाथ-पैर पकड़ लिए, जबकि अक्षय ने पहले गला दबाया और फिर काजल की चुन्नी से उसका गला घोंटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद दोनों आरोपी कमरे में ताला लगाकर फरार हो गए।

पुलिस के अनुसार यह घटना मृतका और आरोपी अरुण के बीच हुए आपसी विवाद के कारण हुई। मामले में आगे की विवेचनात्मक कार्रवाई जारी है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों आरोपियों के खिलाफ हरियाणा के थाना चीका में स्नैचिंग से संबंधित मुकदमा संख्या 17/2026 धारा 304(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज है, जिसमें उन्हें 24 जनवरी 2026 को गिरफ्तार किया गया था। उनके अन्य आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है।

गिरफ्तारी टीम में उपनिरीक्षक जयवीर सिंह रावत, अपर उपनिरीक्षक जावेद अली, आरक्षी महेश कुमार और आरक्षी विनय पंवार शामिल रहे। वहीं अन्य पुलिस टीम में निरीक्षक सुरेश चंद्र बलूनी, उपनिरीक्षक कुलदीप पंत, उपनिरीक्षक रणजीत खनेड़ा (एसओजी/सर्विलांस), मुख्य आरक्षी नवनीत सिंह (एसओजी/सर्विलांस) और आरक्षी दीपक नौटियाल (एसओजी/सर्विलांस) शामिल रहे।
गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।