HTML tutorial
HTML tutorial

दिल्ली में दुष्कर्म के मामले में वांछित आरोपी सजीर पल्ली मूप्पम यूएई से भारत लाया गया

दिल्ली में दुष्कर्म के मामले में वांछित आरोपी सजीर पल्ली मूप्पम यूएई से भारत लाया गया
Spread the love

नई दिल्ली। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने दिल्ली पुलिस के एक मामले में वांछित आरोपी सजीर पल्ली मूप्पम को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से भारत लाने में सफलता हासिल की है। आरोपी को 4 नवंबर 2026 को कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रत्यर्पित कर भारत लाया गया। इस कार्रवाई में विदेश मंत्रालय, गृह मंत्रालय और दिल्ली पुलिस ने सीबीआई के साथ समन्वय किया।

सीबीआई के अनुसार, आरोपी दिल्ली पुलिस में दर्ज यौन उत्पीड़न के एक मामले में वांछित था। जांच में सामने आया कि आरोपी ने अपने एक सहयोगी के साथ मिलकर 20 वर्षीय युवती को जबरन नशीला पदार्थ दिया, जिससे वह अचेत अवस्था में पहुंच गई। इसके बाद आरोपी उसे एक होटल में ले गया और पहचान छिपाने के लिए किसी अन्य व्यक्ति के पहचान संबंधी दस्तावेजों का इस्तेमाल कर होटल में कमरा लिया। आरोप है कि इसी दौरान उसने युवती के साथ उसकी सहमति के बिना यौन उत्पीड़न किया। बाद में चिकित्सकीय और फॉरेंसिक जांच में भी मामले से जुड़े साक्ष्य मिले। इस प्रकरण में सक्षम न्यायालय के समक्ष आरोपपत्र दाखिल किया जा चुका है।

दिल्ली पुलिस के अनुरोध पर सीबीआई ने इंटरपोल के माध्यम से आरोपी के खिलाफ रेड नोटिस जारी कराया था। सीबीआई के अनुरोध पर नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय केंद्रीय ब्यूरो (एनसीबी) के माध्यम से यूएई अधिकारियों ने आरोपी की लोकेशन का पता लगाकर उसे गिरफ्तार किया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद यूएई ने आरोपी को भारत प्रत्यर्पित कर दिया।

दिल्ली पुलिस की एक टीम आरोपी को लेने यूएई पहुंची थी। वहां आरोपी को पुलिस टीम के सुपुर्द किया गया। इसके बाद टीम उसे लेकर 4 नवंबर को नई दिल्ली पहुंची।

सीबीआई भारत में इंटरपोल के लिए राष्ट्रीय केंद्रीय ब्यूरो के रूप में कार्य करती है और भारत की विभिन्न कानून प्रवर्तन एजेंसियों को भारतपोल के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सहयोग उपलब्ध कराती है। सीबीआई के अनुसार, वर्ष 2019 से अब तक विदेशी कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ समन्वय कर 278 से अधिक वांछित अपराधियों को भारत वापस लाया जा चुका है।

देवभूमि खबर

Related articles