HTML tutorial
HTML tutorial

एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने अपराध समीक्षा बैठक में थाना-चौकी प्रभारियों को दिए सख्त निर्देश, उत्कृष्ट कार्य करने वाले 36 पुलिसकर्मी सम्मानित

एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने अपराध समीक्षा बैठक में थाना-चौकी प्रभारियों को दिए सख्त निर्देश, उत्कृष्ट कार्य करने वाले 36 पुलिसकर्मी सम्मानित
Spread the love

हल्द्वानी। आगामी धनतेरस, दीपावली, भैया दूज और विधानसभा सत्र के मद्देनजर नैनीताल पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने की तैयारी शुरू कर दी है। एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने मंगलवार को कोतवाली हल्द्वानी के सभागार में जनपद के राजपत्रित अधिकारियों, थाना-चौकी प्रभारियों और विभिन्न शाखाओं के प्रभारियों के साथ अपराध समीक्षा बैठक की। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुरक्षा व्यवस्था, गश्त, चेकिंग और अपराध नियंत्रण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में एसएसपी ने धनतेरस, दीपावली और भैया दूज के दौरान बाजारों, पटाखा बाजारों तथा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, नियमित गश्त और पिकेट ड्यूटी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विधानसभा सत्र के दृष्टिगत सघन चेकिंग एवं सत्यापन अभियान चलाने, होटल और रेस्तरां की नियमित जांच करने तथा संदिग्ध व्यक्तियों और अराजक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने को कहा गया।

अपराधों की रोकथाम के लिए आदतन अपराधियों और अराजक तत्वों को चिह्नित कर प्रभावी निरोधात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। जुआ-सट्टे के अवैध कारोबार, मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध शराब के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के साथ ही नशा तस्करों की अवैध संपत्तियों की जांच तथा नियमानुसार गैंगस्टर अधिनियम के तहत कार्रवाई करने को कहा गया।

त्योहारों के दौरान अग्नि सुरक्षा के लिए पटाखा बाजारों में अग्निशमन वाहनों और आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा अग्निशमन सेवा को सतर्क रखने के निर्देश दिए गए। यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने, ओवरलोडिंग, नशे में वाहन चलाने और तेज व लापरवाही से वाहन चलाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करने पर भी जोर दिया गया।

एसएसपी ने लंबित अभियोगों और विवेचनाओं की नियमित समीक्षा कर गुणवत्तापूर्ण जांच, साक्ष्य संकलन तथा समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। महिलाओं और नाबालिगों के विरुद्ध अपराधों में त्वरित कार्रवाई, पीड़ितों को आवश्यक सहायता तथा संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने के निर्देश भी दिए। साइबर अपराधों की शिकायतों पर तत्काल संज्ञान लेने, साइबर सेल से समन्वय स्थापित करने और ठगी की धनराशि वापस दिलाने के लिए प्रभावी प्रयास करने को कहा गया।

थानों में लंबित मुकदमों से संबंधित वाहनों और अन्य माल का नियमानुसार शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। पुलिस कर्मचारी सम्मेलन के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों की व्यक्तिगत एवं विभागीय समस्याएं सुनकर उनके समयबद्ध समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।

हल्द्वानी की ठंडी सड़क पर अनावश्यक रूप से वाहन खड़े कर यातायात बाधित करने वालों के विरुद्ध अभियान चलाने के निर्देश निरीक्षक यातायात, सीपीयू प्रभारी और प्रभारी निरीक्षक हल्द्वानी को दिए गए। वहीं, अभियोजन अधिकारी ने विवेचना एवं अभियोजन से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर मार्गदर्शन दिया। चुनाव प्रकोष्ठ को पुलिस कार्मिकों के मतदाता पहचान पत्रों की स्थिति की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।

बैठक के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले कुल 36 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। गृह मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से अग्निशमन सेवा सप्ताह-2022 के अवसर पर विशिष्ट कार्य के लिए फायरमैन सुखदेव सिंह को महानिदेशक अग्निशमन सेवा का कांस्य पदक एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त पुलिस मुख्यालय उत्तराखंड की ओर से लीडिंग फायरमैन राजकुँवर सिंह और कांस्टेबल चंदन मर्तोलिया को महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क सिल्वर से सम्मानित किया गया।

इसके अलावा 33 पुलिसकर्मियों को माह के उत्कृष्ट कर्मचारी के रूप में पुरस्कृत किया गया। सम्मानित होने वालों में उपनिरीक्षक अभिसूचना मनोज कुमार, जगजीवन मियान, दीपक जलाल, जय प्रकाश, कविता संकलानी, शिवेन्द्र, दीपा सामंत, मोहम्मद फरीद, राधेश्याम, गौरव दानू, शेखर चंद, नारायण बिष्ट, मोनिका राणा, ममता कम्बोज, राजेन्द्र बिष्ट, भूपेन्द्र पाल, दिनेश राणा, तेजपाल सिंह सैनी, अनूप तिवारी, ललित मोहन रिखाड़ी, गोकुल धपोला, नीरज बालियान, लक्की तिवारी, ललित आगरी, मनोज पंत, चेतना, वीरेंद्र कुमार, राजेन्द्र सिंह, दीपक चंद, दीपक भट्ट, अनिता फुलेरिया, धीरज कुमार और गोविन्द शामिल रहे।

बैठक में एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी संचार रेवाधर मठपाल, संयुक्त निदेशक विधि हीरा सिंह राणा, सीओ रामनगर रविकांत सेमवाल, सीओ लालकुआं विमल प्रसाद, मुख्य अग्निशमन अधिकारी गौरव किरार, सीओ नैनीताल अंजना नेगी, निरीक्षक अभिसूचना ज्ञानेंद्र शर्मा, प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह सहित जनपद के समस्त थाना एवं शाखा प्रभारी, यातायात और सीपीयू प्रभारी तथा पीएसी के कंपनी कमांडर मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles