HTML tutorial
HTML tutorial

ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर करोड़ों की ठगी करने वाले गिरोह पर एसटीएफ का शिकंजा, दो गिरफ्तार

ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर करोड़ों की ठगी करने वाले गिरोह पर एसटीएफ का शिकंजा, दो गिरफ्तार
Spread the love

देहरादून। उत्तराखण्ड के नागरिकों को ऑनलाइन ट्रेडिंग एवं निवेश के नाम पर करोड़ों रुपये का चूना लगाने वाले गिरोह के विरुद्ध उत्तराखण्ड एसटीएफ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में नवीन सिंह नेगी और कविता परमार शामिल हैं। आरोप है कि गिरोह बोटब्रो, बोटअल्फा, क्रॉस मार्केट, माइन क्रिप्टो, मेटा ट्रेड-5, फाइनेंशियल फ्रीडम और टीएलसी कॉइन जैसी ऑनलाइन कंपनियों के माध्यम से लोगों को अधिक मुनाफे, विदेश यात्राओं और कम समय में अमीर बनने का लालच देकर निवेश कराता था। विदेश में बैठा लविश चौधरी इस पूरे नेटवर्क का मुख्य संचालक बताया जा रहा है।

मुख्यमंत्री के निर्देशों पर पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने इन कंपनियों के माध्यम से प्रदेश के नागरिकों के साथ हुई करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी के मामलों की जांच के लिए एसटीएफ के अधीन विशेष अन्वेषण दल (एसआईटी) का गठन किया था। पुलिस महानिरीक्षक अपराध एवं कानून व्यवस्था/एसटीएफ/साइबर तथा एसएसपी एसटीएफ नीलेश आनंद भरणे स्वयं विभिन्न जनपदों में दर्ज मुकदमों की एकीकृत जांच की निगरानी कर रहे हैं।

एसआईटी ने शिकायतकर्ताओं के बयान, बैंक खातों के विवरण और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। जांच में सामने आया कि नवीन सिंह नेगी वर्ष 2022 से क्यूएफएक्स कंपनी से जुड़ा हुआ था। बाद में वह विदेश में बैठे मुख्य आरोपी लविश चौधरी द्वारा संचालित बोटब्रो और बोटअल्फा जैसी कंपनियों के माध्यम से लोगों को निवेश के लिए प्रेरित करने लगा। जांच में इन कंपनियों का भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) और भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) में पंजीकृत नहीं होना सामने आया।

एसटीएफ के अनुसार, बोटब्रो कंपनी बंद होने और उसके विरुद्ध विभिन्न मुकदमे दर्ज होने के बावजूद नवीन सिंह नेगी ने रिसेनवेज (RISENWAYS) नाम से नई कंपनी का प्रचार शुरू कर दिया था। वह जूम मीटिंग के माध्यम से लोगों को दोबारा ऑनलाइन कारोबार से जुड़ने के लिए प्रेरित कर रहा था। इस मामले में साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन देहरादून में मुकदमा संख्या 053/2026, धारा 318(4), 61(2), 3(5) बीएनएस, धारा 66डी आईटी एक्ट तथा धारा 3/21(3) बीयूडीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।

गिरफ्तार कविता परमार से पूछताछ में पता चला कि वह वर्ष 2022 से क्यूएफएक्स कंपनी से जुड़ी हुई थी। उसने स्वयं और अपने परिजनों की आईडी बनाकर निवेश किया तथा अपनी रेफरल आईडी के माध्यम से अन्य लोगों को जोड़कर बड़ा नेटवर्क तैयार किया। एसटीएफ के अनुसार, उसकी रोबो आईडी से लगभग 10 से 15 हजार लोग जुड़े हुए थे। वह कंपनी में सीनियर ईगल एग्जीक्यूटिव के पद तक पहुंच गई थी। पूछताछ में उसने कंपनी से प्रतिमाह लगभग एक हजार डॉलर का लाभ मिलने की बात बताई।

एसटीएफ के अनुसार, कविता परमार वर्ष 2023 से 2026 के बीच कंपनी के सेमिनार में शामिल होने के लिए मलेशिया, थाईलैंड, दुबई और वियतनाम की लगभग 12 से 13 विदेश यात्राएं कर चुकी थी। इन यात्राओं के आने-जाने, रहने और खाने का खर्च कंपनी द्वारा उठाया जाता था। वह देहरादून सहित उत्तराखण्ड के विभिन्न क्षेत्रों में कंपनी का प्रचार करती थी तथा जूम मीटिंग और व्हाट्सएप समूहों के माध्यम से लोगों को निवेश के लिए प्रेरित करती थी। इन ऑनलाइन बैठकों में एक समय पर लगभग एक हजार लोग जुड़ते थे।

पूछताछ में यह भी जानकारी सामने आई कि निवेशकों द्वारा कंपनी के बैंक खातों में जमा कराई गई धनराशि के बदले उनके ऑनलाइन खातों में डॉलर के रूप में केवल आंकड़े प्रदर्शित किए जाते थे। एसटीएफ के अनुसार, ये आंकड़े वास्तविक उपलब्ध धनराशि नहीं थे। इस नेटवर्क के माध्यम से निवेशकों को किस प्रकार भ्रमित किया जा रहा था, इसकी जांच की जा रही है।

एसआईटी ने उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर नवीन सिंह नेगी को गिरफ्तार किया। इसके अलावा डोईवाला थाने में दर्ज मुकदमा संख्या 204/2026, धारा 318(4), 61(2) बीएनएस और धारा 3/21 बीयूडीएस एक्ट के तहत कविता परमार को गिरफ्तार किया गया। दोनों के कब्जे से एक विवो और एक ओप्पो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

एसटीएफ के अनुसार, मोबाइल फोन में ऑनलाइन लेन-देन, बैंकिंग विवरण, व्हाट्सएप चैट, ऑनलाइन ट्रेडिंग और क्रिप्टोकरेंसी से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य मिलने की संभावना है। निवेशकों से प्राप्त धनराशि के वास्तविक स्रोत और गंतव्य, बैंक खातों, नकद लेन-देन, क्रिप्टोकरेंसी के माध्यम से हुए लेन-देन तथा विदेश में बैठे मुख्य आरोपी लविश चौधरी और उसके सहयोगियों की भूमिका की जांच जारी है।

1. नवीन सिंह नेगी (35 वर्ष), पुत्र हर्षवर्धन सिंह नेगी, निवासी ग्राम ब्यूरो देबल, तहसील बसुकेदार, जनपद रुद्रप्रयाग। वर्तमान पता सिद्धि विनायक कॉलोनी, मकान नंबर-7, थाना रायपुर, देहरादून।

2. कविता परमार (लगभग 36 वर्ष), पत्नी अरुण परमार, निवासी बालावाला, देहरादून।

बरामदगी: एक विवो और एक ओप्पो मोबाइल फोन।

एसटीएफ ने आम जनता से अपील की है कि ऑनलाइन ट्रेडिंग एवं निवेश के नाम पर अत्यधिक मुनाफे, विदेश यात्रा अथवा कम समय में धन दोगुना करने का प्रलोभन देने वाली अनधिकृत कंपनियों और व्यक्तियों के झांसे में न आएं। किसी भी ऑनलाइन निवेश से पहले संबंधित कंपनी की वैधानिकता और नियामक संस्थाओं में उसके पंजीकरण की जांच अवश्य करें।

देवभूमि खबर

Related articles