जंतर-मंतर घटना के विरोध में टिहरी कांग्रेस का प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम भेजा ज्ञापन

नई टिहरी। नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर बेरोजगार युवाओं और छात्र-छात्राओं के प्रदर्शन के दौरान हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी टिहरी गढ़वाल ने बुधवार को जिलाधिकारी कार्यालय, नई टिहरी में धरना-प्रदर्शन किया। इसके बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन भेजकर घटना की निष्पक्ष जांच, जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई तथा परीक्षा एवं भर्ती प्रणाली में व्यापक सुधार की मांग उठाई।
धरना-प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि रोजगार और निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया की मांग कर रहे युवाओं की आवाज दबाने का प्रयास किया जा रहा है। वक्ताओं ने कहा कि देश का युवा अपने अधिकारों और रोजगार के लिए संघर्ष कर रहा है, लेकिन उसकी समस्याओं के समाधान के बजाय दमनात्मक रवैया अपनाया जा रहा है।
ज्ञापन में कांग्रेस ने कहा कि 21 जुलाई 2026 को जंतर-मंतर पर नीट सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित प्रश्नपत्र लीक, भर्ती अनियमितताओं और बढ़ती बेरोजगारी के विरोध में हजारों युवा शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे। कांग्रेस का आरोप है कि प्रदर्शनकारियों की मांगों पर विचार करने के बजाय उन पर कथित रूप से बल प्रयोग और लाठीचार्ज किया गया, जिसमें कई युवक-युवतियां घायल हुए। ज्ञापन में महिला प्रदर्शनकारियों के साथ कथित अभद्र व्यवहार का भी उल्लेख किया गया।
धरने को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मुरारी लाल खंडवाल और पूर्व जिलाध्यक्ष राकेश राणा ने आरोप लगाया कि प्रश्नपत्र लीक और भर्ती घोटालों ने लाखों युवाओं के भविष्य को प्रभावित किया है। उन्होंने कहा कि नकल माफिया के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से युवाओं का भरोसा कमजोर हुआ है।
कांग्रेस नेताओं नरेंद्र चंद्र रमोला और सूरज राणा ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने संसद से लेकर सड़क तक युवाओं और छात्रों की आवाज उठाई है। वहीं प्रदेश कांग्रेस सचिव सैयद मुशर्रफ अली और महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष आशा रावत ने लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए कांग्रेस के संघर्ष को जारी रखने की बात कही।
राष्ट्रपति के नाम भेजे गए ज्ञापन में कांग्रेस ने जंतर-मंतर की घटना की उच्चस्तरीय न्यायिक जांच, कथित बल प्रयोग के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई, प्रश्नपत्र लीक और भर्ती घोटालों की निष्पक्ष जांच, परीक्षा एवं भर्ती प्रणाली को अधिक पारदर्शी और सुरक्षित बनाने तथा शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने वाले नागरिकों के लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने धरना-प्रदर्शन में भाग लेकर ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए और युवाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प दोहराया।
