चमोली पुलिस की संवेदनशीलता ने जीता श्रद्धालु परिवार का दिल, हजारों किमी दूर आंध्र प्रदेश भेजा गुम मोबाइल और बदरी विशाल का प्रसाद

चमोली। देवभूमि उत्तराखंड में चारधाम यात्रा पर आए आंध्र प्रदेश के एक श्रद्धालु परिवार के लिए चमोली पुलिस की संवेदनशील पहल उनकी यात्रा की यादगार कहानी बन गई। श्री बदरीनाथ धाम के दर्शन के दौरान गुम हुआ मोबाइल फोन चमोली पुलिस ने तकनीकी प्रयासों से बरामद कर हजारों किलोमीटर दूर आंध्र प्रदेश स्थित श्रद्धालु के घर तक सुरक्षित पहुंचाया। इतना ही नहीं, पुलिस ने मोबाइल के साथ श्री बदरी विशाल का प्रसाद भी भेजा।
जानकारी के अनुसार, 7 मई 2026 को श्रद्धालु परिवार ने श्री बदरीनाथ धाम में भगवान बदरी विशाल के दर्शन किए। इसी दौरान तप्त कुंड में स्नान करते समय उनका सामान गायब हो गया। सामान में नकदी, कार्ड, पर्स और मोबाइल फोन भी शामिल था। अचानक सामान गायब होने से परिवार काफी परेशान हो गया और उन्होंने तत्काल थाना बद्रीनाथ पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी।
चमोली पुलिस ने शिकायत दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए पुलिस ने परिवार को केंद्रीय उपकरण पहचान पंजी (सीईआईआर) पोर्टल और मोबाइल के आईएमईआई नंबर के माध्यम से आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने में सहयोग किया। इसके बाद पुलिस टीम ने तकनीकी माध्यमों से मोबाइल को ट्रेस करने के प्रयास लगातार जारी रखे।
पुलिस के प्रयासों का परिणाम सामने आया और 1 सितंबर 2026 को चमोली पुलिस ने गुम हुआ मोबाइल फोन ट्रेस कर बरामद कर लिया। मोबाइल बरामद होने के बाद पुलिसकर्मियों ने उसे सुरक्षित तरीके से पैक कर आंध्र प्रदेश में श्रद्धालु के पते पर पार्सल के माध्यम से भेज दिया।
चमोली पुलिस की इस पहल को और खास बना दिया भगवान बदरी विशाल का प्रसाद, जिसे पुलिस ने मोबाइल के साथ श्रद्धालु परिवार के घर भेजा। मोबाइल और प्रसाद जब परिवार तक पहुंचा तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। परिवार ने चमोली पुलिस की तत्परता, तकनीकी प्रयास और मानवीय संवेदनशीलता की जमकर सराहना की।
श्रद्धालु परिवार ने विशेष रूप से हेड कांस्टेबल चंदन सिंह और कांस्टेबल राजेंद्र रावत का आभार व्यक्त किया। परिवार का कहना था कि देवभूमि की यात्रा के दौरान मोबाइल वापस मिलना उनके लिए महज खोई हुई वस्तु की वापसी नहीं, बल्कि चमोली पुलिस के अपनत्व और संवेदनशील व्यवहार की ऐसी याद है, जिसे वे लंबे समय तक याद रखेंगे।


