देहरादून।भारत की सेना के मनोबल को सशक्त करने और राष्ट्रीय एकजुटता का संदेश देने के उद्देश्य से आज उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस ने देहरादून में एक विशाल तिरंगा यात्रा निकाली। यह यात्रा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करण माहरा के नेतृत्व में कांग्रेस मुख्यालय से प्रारंभ होकर घंटाघर स्थित डॉक्टर भीम राव अंबेडकर की मूर्ति तक निकाली गई।
यात्रा के दौरान “भारत की सेना जिंदाबाद, पाकिस्तान हो बर्बाद” के नारों से वातावरण गूंज उठा। सैकड़ों कार्यकर्ता हाथों में तिरंगा लेकर राजपुर रोड, पलटन बाजार, डिस्पेंसरी रोड होते हुए मार्च करते नजर आए। यात्रा के समापन पर बाबा साहब की मूर्ति पर माल्यार्पण कर देश की एकता, अखंडता और सेना के प्रति समर्थन का संकल्प लिया गया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करण माहरा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी अपने तमाम राजनीतिक मतभेदों को एक ओर रखकर राष्ट्रीय संकट की इस घड़ी में केंद्र सरकार और भारतीय सेना के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा, “देश के लिए हम कोई भी बलिदान देने को तैयार हैं।”
सह प्रभारी सुरेन्द्र शर्मा ने कहा कि भारतीय सेना ने संयम और मर्यादा के साथ केवल आतंकियों को निशाना बनाया था, लेकिन पाकिस्तान की दुस्साहसी कार्रवाई का करारा जवाब देना ज़रूरी था। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने भी दो टूक कहा कि पाकिस्तान को उसकी हर हरकत का माकूल जवाब मिला है और आगे भी मिलेगा।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने भरोसा दिलाया कि कांग्रेस का हर कार्यकर्ता इस कठिन समय में सेना, शासन और प्रशासन का पूरा सहयोग करेगा—चाहे वह रक्तदान हो, संसाधन जुटाना हो या आपात स्थिति में सेवा देना।
इस मौके पर डॉक्टर जसविंदर सिंह गोगी, महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला, सेवा दल अध्यक्ष हेमा पुरोहित, मदन लाल, दिनेश कौशल, याकूब सिद्दीकी, नवीन जोशी, गरिमा मेहरा दसौनी सहित कई वरिष्ठ नेता, पार्षद और कार्यकर्ता शामिल रहे।