तेंदुए की खाल की अवैध बिक्री के मामले में तीन दोषियों को तीन साल की कैद

नागपुर। तेंदुए की खाल की अवैध बिक्री के मामले में नागपुर के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) न्यायालय ने 5 नवंबर 2026 को तीन आरोपियों को दोषी करार देते हुए तीन-तीन वर्ष के कारावास की सजा सुनाई है। दोषियों में गुलाम मुस्तफा, अजय और गोपाल शामिल हैं। अदालत ने प्रत्येक दोषी पर 5 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है।
केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) के अनुसार, मामले में आरोप था कि उक्त आरोपियों ने कुछ अज्ञात व्यक्तियों को तेंदुए की खाल अवैध रूप से बेची थी। वन्यजीवों के अवैध व्यापार से जुड़े इस मामले में सीबीआई ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की थी।
जांच पूरी होने के बाद सीबीआई ने 21 दिसंबर 2001 को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, नागपुर की अदालत में भारतीय दंड संहिता की धारा 120-बी तथा वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की धारा 49-बी और 51 के तहत आरोपपत्र दाखिल किया था।
मामले की सुनवाई पूरी होने के बाद अदालत ने तीनों आरोपियों को दोषी ठहराते हुए उन्हें तीन-तीन वर्ष के कारावास और पांच-पांच हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई।


