देहरादून।केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने गुरुवार की सुबह उत्तराखंड गढ़वाल और कुमाऊं मंडल के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया। शाह ने करीब दो घंटे सुबह 9.45 बजे से दोपहर 12.30 बजे तक आपदा प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे किया।
आपदा प्रभावित स्थानों का हवाई सर्वेक्षण
गृहमंत्री अमित शाह ने देवप्रयाग, पौड़ी, रामनगर, रामगढ़, रुद्रपुर और हल्द्वानी का हवाई सर्वेक्षण किया और हालातों का जायजा लिया। इस दौरान उनके साथ राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह, केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री अजय भट्ट, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, अनिल बलूनी, कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत और मुख्य सचिव एसएस संधू भी मौजूद रहे।
केंद्रीय गृहमंत्री ने बताया कि भारत सरकार द्वारा पूर्व में ही चेतावनी जारी करने के कारण स्थिति को समय से नियंत्रित कर लिया गया। उन्होंने बताया कि आपदा के दौरान किसी पर्यटक की मृत्यु नहीं हुई है। 3500 लोगों को सकुशल बचाया गया है। उन्होंने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार की 17 टीम राहत कार्य में जुटी हुई है।