देहरादून पुलिस के हत्थे चढ़ा शातिर वाहन चोर, 11 चोरी के दोपहिया वाहन बरामद

देहरादून। रायपुर थाना पुलिस ने वाहन चोरी की कई वारदातों का खुलासा करते हुए एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे और उसकी निशानदेही पर अलग-अलग स्थानों से चोरी किए गए 11 दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। आरोपी चोरी के वाहनों को जंगल में छिपाकर रखता था और उन्हें जनपद से बाहर बेचने की फिराक में था।
पुलिस के अनुसार 31 जुलाई 2026 को सुंदरवाला निवासी अजय कुमार तथा ऑफ स्टेट रायपुर निवासी अनिल कुमार ने अपनी-अपनी स्कूटी चोरी होने की शिकायत थाना रायपुर में दर्ज कराई। दोनों मामलों में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थलों और आसपास लगे करीब 80 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने 1 अगस्त 2026 को महाराणा प्रताप चौक के आगे पेट्रोल पंप के पास से राकेश डबराल (22 वर्ष) निवासी मूलतः पौड़ी गढ़वाल एवं वर्तमान निवासी कनखल, हरिद्वार को चोरी की एक स्कूटी सहित गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने देहरादून के विभिन्न क्षेत्रों से वाहन चोरी करने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर जंगल में छिपाकर रखे गए 10 अन्य चोरी के दोपहिया वाहन भी बरामद किए गए। बरामद कुल 11 वाहनों में से दो वाहन थाना नेहरू कॉलोनी और एक वाहन कोतवाली डालनवाला क्षेत्र से चोरी होना भी सामने आया है, जबकि अन्य वाहनों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने महंगे शौक पूरे करने के लिए वाहन चोरी करता था। वह पहले सुनसान स्थानों पर खड़े वाहनों की रेकी करता, फिर मौका मिलते ही चोरी कर उन्हें जंगल में छिपा देता था। कुछ समय बाद वह दोबारा आकर वाहनों को जनपद से बाहर ले जाकर बेचने की योजना बनाता था। पुलिस ने बताया कि आरोपी इसी उद्देश्य से देहरादून आया था, लेकिन उससे पहले ही वह पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश करने की तैयारी कर ली है। वहीं, अन्य बरामद वाहनों के वास्तविक मालिकों और संबंधित मामलों की जांच जारी है। रायपुर थाना पुलिस की इस कार्रवाई को वाहन चोरी की घटनाओं पर बड़ी सफलता माना जा रहा है।

