कार्यशाला की भूमि के स्थानांतरण का विरोध में रोडवेज कर्मियों ने थाली बजाकर किया प्रदर्शन
देहरादून।देवभूमि खबर। हरिद्वार रोड स्थित रोडवेज कार्यशाला की भूमि के स्थानांतरण का विरोध तेज हो गया है। शनिवार को रोडवेज कर्मचारियों ने एक घंटे का सांकेतिक चक्काजाम रखकर आईएसबीटी में चम्मच से खाली थाली बजाकर प्रदर्शन किया। चेताया है कि यदि कार्यशाला की भूमि के बदले रोडवेज को आईएसबीटी पर स्वामित्व नहीं मिलता है तो बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा।
उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन से जुड़े कर्मचारी प्रदेश महामंत्री अशोक चैधरी के नेतृत्व में आईएसबीटी में एकत्र हुए। ठीक 12 बजे एक घन्टे के लिए बसों का संचालन ठप किया गया। इसके बाद गुस्साए कर्मचारियों ने आईएसबीटी में चम्मच से खाली प्लेट बजाकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। महामंत्री अशोक चैधरी ने कहा कि सरकार रोडवेज को कंगाल करना चाहती है। घाटे के चलते पहले से ही रोडवेज के समक्ष रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो रखा है। अब रोडवेज की भूमि को भी अन्य विभागों को हस्तान्तरित किया जा रहा है। सरकार ने हरिद्वार रोड स्थित रोडवेज कार्यशाला की भूमि को एमडीडीए को दे दिया है।
सीएम त्रिवेंद्र रावत इस पर ग्रीन पार्क का शिलान्यास भी कर चुके हैं, जबकि रोडवेज को भूमि के बदले मात्र 20 करोड़ दिए गए हैं, जो कि बहुत कम है। कहा कि यदि भूमि को लेना जरूरी है तो सरकार रोडवेज को 300 करोड़ रुपए की प्रतिपूर्ति दें या फिर एमडीडीए के स्वामित्व वाले आईएसबीटी पर रोडवेज को स्वामी तो दे। यदि ऐसा नहीं किया जाता है तो रोडवेज बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होगा। उन्होंने यह भी कहा कि हाईकोर्ट ने सरकार को कर्मचारियों के वेतन के लिए 69 करोड़ देने के आदेश दिए थे, लेकिन अभी तक यह पैसा रोडवेज को नहीं मिल पाया, जिस कारण कर्मचारियों को अक्टूबर माह का वेतन नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने शीघ्र ही यह धनराशि रोडवेज को देने की मांग की है। प्रदर्शन करने वालों में प्रदेश प्रवक्ता विपिन चैधरी, कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष योगेश शर्मा, प्रांतीय संगठन मंत्री कुलदीप चैधरी, प्रांतीय उप महामंत्री हरेंद्र कुमार, मंडल अध्यक्ष प्रवीण सैनी, मंत्री के पी सिंह कृष्णपाल सिंह अरविंद, संदीप चैधरी, सत्येंद्र तिवारी, विनय जोशी, प्रवीण कुमार, तेजवीर सिंह, सत्येंद्र कुमार, मोहित कुमार, प्रदीप, सूरज प्रकाश, महिपाल राणा, अंकुर छोकर, रामपाल शर्मा आदि शामिल रहे।
