जिलाधिकारी रंजना राजगुरु ने मुख्यमंत्री द्वारा ली गयी समीक्षा बैठक में किया प्रतिभाग
रुद्रपुर। मुख्यमंत्री श्री तीरथ सिंह रावत द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों, पुलिस अधीक्षकों व मुख्य चिकित्सा अधिकारियों के साथ कोविड नियंत्रण, कोविड वैक्सिनेशन व ब्लैक फंगस के सम्बंध में समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी रंजना राजगुरु ने किया प्रतिभाग।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना महामारी पर लगाम लगाने के लिए टेस्टिंग और ट्रैकिंग सबसे अहम हैं जिसका कोई विकल्प नहीं। टेस्टिंग जल्दी होने से कोरोना की मृत्यु दर पर लगाम लगाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि कन्टेन्टमेंट जोन में सैम्पलिंग बढ़ाये। उन्होंने रेमडेसिविर और दूसरी दवाओं की आपूर्ति के बारे में भी चर्चा की और कहा कि दवाओं की कमी न हो इसके लिए राज्यों से बात करके इनकी आपूर्ति सुनिश्चित कराई जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि दवाओं का मेडिकल गाइडलाइन्स के अनुसार इस्तेमाल हो और उनकी कालाबाजारी और गलत इस्तेमाल पर कड़ाई से नजर रखी जाए। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनपद के सभी ब्लॉक में चैबीसों घण्टे कन्ट्रोल रूम एक्टिव रहें तथा एम्बुलेंस तैयार रहे। ताकि किसी भी व्यक्ति को परेशानी का सामना ना करना पड़े। आई0ई0सी0 के माध्यम से व्यापक प्रचार प्रसार करें। मोबाइल टेस्टिंग वैन/मोबाइल टैस्टिंग लैब के माध्यम से गाँव गाँव मे जाकर टेस्टिंग करें तथा दवाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि टैस्टिंग में किसी भी दशा में कमी नही होनी चाहिए। साथ ही ग्राम प्रधान की अध्यक्षता में जो ग्राम स्तरीय समिति बनाई गई हैं उसकी सतत निगरानी कर नियमित समीक्षा बैठक करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाली कोविड की तीसरी लहर बच्चों को प्रभावित करेगी। इसके लिए अभी से सारी व्यवस्था करना सुनिश्चित करें। चुकी बच्चों के केस अलग होते है तो इसके लिए मेडिकल स्टॉफ, एएनएम, आशा व आंगनबाड़ी की आवश्यक रूप से ट्रैनिंग कराये। उन्होंने कहा कि कोरोना के साथ साथ ब्लैक फंगस का खतरा भी बढ़ता जा रहा हैं। कोरोना की तरह ये भी अब धीरे धीरे अपने पैर फैला रहा हैं। इसे हल्के में लेना कोरोना जैसी मुश्लिलें पैदा कर सकता है। यह एक गम्भीर बीमारी हैं इसके लिए आवश्यक हैं कि हम सावधानी बरतें।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी श्रीमती रंजना राजगुरू ने अवगत कराया कि जनपद में एसडीएम की देखरेख में डाटा ऐन्ट्री अपलोड करने की प्रक्रिया तेजी से की जा रही है। जनपद में सैम्पलिंग व वेक्सिनेशन का कार्य निरंतर किया जा रहा हैं व सीमाओ पर सैम्पलिंग करायी जा रही हैं। उन्होने बताया कि आॅक्सीजन व सिलेण्डर प्रर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। उन्होने कोविड-19 संक्रमण की रोकथाम हेतु जनपद में किये जा रहे कार्यो के बारे में विस्तार से अवगत कराया।
इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दलीप सिंह कुवंर, मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु खुराना, अपर जिलाधिकारी जगदीश चन्द्र काण्डपाल, मुख्य चिकित्साधिकारी डाॅ0 डीएस पंचपाल, एसीएमओ डा0 अविनाश खन्ना, आदि उपस्थित थे।

