तहसील दिवस के बाद डीएम ने गिरसा ग्राम का किया स्थलीय निरीक्षण, योजनाओं की प्रगति पर लिया फीडबैक

Spread the love

चमोली। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के अनुपालन में आयोजित तहसील दिवस के उपरांत जिलाधिकारी गौरव कुमार द्वारा ग्राम सभा गिरसा का स्थलीय निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने ग्राम क्षेत्र में केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति और वर्तमान स्थिति का विस्तृत जायजा लिया।

निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने विकासखंड पोखरी के हणज स्थित आंगनबाड़ी केंद्र तथा प्राथमिक विद्यालय का औचक निरीक्षण भी किया। विद्यालय में प्रकाश व्यवस्था संतोषजनक नहीं पाए जाने पर उन्होंने मुख्य शिक्षाधिकारी को तत्काल आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी गौरव कुमार ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत निर्मित आवासों की गुणवत्ता का स्थलीय अवलोकन किया। इसी के साथ उन्होंने ग्राम में सिंचाई सुविधा को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से निर्माणाधीन नहर प्रणाली का निरीक्षण किया, तथा कार्यों की गति एवं गुणवत्ता में किसी प्रकार की लापरवाही न होने देने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्य समयबद्ध और मानकों के अनुरूप पूर्ण किए जाएं।

निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने जिलाधिकारी के समक्ष अपनी समस्याओं और आवश्यकताओं को रखा। जिलाधिकारी ने सभी मांगों और शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को त्वरित समाधान हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने आश्वासन दिया कि ग्रामीणों को किसी भी सरकारी सेवा या योजना का लाभ पाने में कठिनाई नहीं होने दी जाएगी।

निरीक्षण के दौरान परियोजना निदेशक आनन्द सिंह भकुनी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अभिषेक गुप्ता, एसडीएम सोहन सिंह रांगण, मुख्य शिक्षाधिकारी श्रीकांत पुरोहित सहित सभी जिलास्तरीय अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles