आईजी गढ़वाल ने केदारनाथ आपदा में मारे गए लोगों के कंकालों को गूगल मैप के आधार पर सर्च करने के निर्देश दिए
देहरादून।पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल अभिनव कुमार ने केदारनाथ आपदा में मारे गए ,गुमशुदा हुए लोगों के नर कंकालों को खोजने के लिए पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग को टीम गठित कर गूगल मैप के आधार पर सर्च करने के निर्देश दिए।
पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल अभिनव कुमार ने उत्तराखण्ड शासन के आदेश के अनुपालन के क्रम में वर्ष 2013 में केदारनाथ धाम में आयी आपदा में गुमशुदा हुये लोगो के मृत शरीर/नर कंकाल खोजे जाने हेतु टीम गठित कर सर्च ऑपरेशन चलाये जाने के क्रम में पुलिस अधीक्षक जनपद रुद्रप्रयाग को 10 टीमें गठित कर गूगल मैप के आधार सभी सम्भावित मार्गो पर सर्च ऑपरेशन चलाने हेतु निर्देशित किया ।
उन्होंने पुलिस अधीक्षक को सर्च ऑपरेशन टीम द्वारा प्रतिदिन की गयी कार्यवाही/परिणाम के सम्बन्ध में आख्या उपलब्ध कराये जाने हेतु निर्देशित किया । उन्होंने कहा कि सर्च ऑपरेशन की प्रतिदिन की जाने वाली कार्यवाही की मॉनेटरिंग उनके द्वारा स्वयं की जाएगी।
सर्च ऑपरेशन टीम हेतु प्रत्येक टीम में 01 उ0नि0. 02 कां0, 02 कां0 एस0डी0आर0एफ0 से नियुक्त किये गये हैं।
गौरतलब है कि वर्ष 2013 में आयी आपदा में मृतक/लापता हुये व्यक्तियों के सम्बन्ध में कुल 1840 अभियोग पंजीकृत किये गये तथा कुल 3886 व्यक्ति गुमशुदा पाये गये हैं। वर्ष 2013 से विभिन्न सर्च अभियान के दौरान अब तक 699 शव/नर कंकाल बरामद किये जा चुके हैं। जिनमें से 18 का डी0एन0ए0 सैम्पलों का मिलान हो चुका है तथा 11 शवो की शिनाख्त की जा चुकी है।

