जिलाधिकारी ने जनसमस्याओं पर अधिकारियों को तत्काल कार्यवाही के निर्देश दिए
चमोली।जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने क्लेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जन सुनवाई में फरियादियों की समस्याएं सुनी। जनता दरवार में पहुॅचे फरियादियों ने खाता खतौनी, फेमली पेंशन, सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा, अनसूया मेले के दौरान विभिन्न व्यवस्थाओं आदि से जुडी 07 शिकायतें जिलाधिकारी के समक्ष रखी। जिस पर जिलाधिकारी ने संबधित अधिकारियों को तत्काल कार्यवाही के निर्देश दिए। इस दौरान जिलाधिकारी ने सीएम हेल्पलाईन, जिला शिकायत प्रकोष्ठ, बहुउद्देशीय शिविर एवं अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों की समीक्षा भी की।
जिलाधिकारी ने जन सुनवाई में प्राप्त होने वाली शिकायतों का त्वरित गति से निस्तारण करने तथा निस्तारण की कार्यवाही से शिकायतकर्ता को भी अवगत कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए। जनता दरवार में नमामि गंगे और पेयजल निगम से संबधित शिकायतों की समीक्षा के दौरान विभागीय अधिकारियों के उपस्थित न रहने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबधित अधिकारियों का एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश जारी किए। वही आरडब्लूडी से जुड़ी शिकायतों को देखते हुए अगले जनता दरवार से ईई आरडब्लूडी को भी उपस्थित रहने को कहा। जंगली जानवरों से फसलों को हो रहे नुकसान से जुड़ी शिकायतों पर वन विभाग द्वारा अभी तक उचित कार्यवाही न किए जाने पर कडी फटकार लगाते हुए तत्काल कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
जन सुनवाई में जोशीमठ के लक्ष्मी प्रसाद सती ने उनके भूमि के खाता खतौनी से उनके पिता का नाम हटाए जाने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने एसडीएम जोशीमठ को जाॅच कर आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। वही हल्द्वापानी निवासी आरएस बिष्ट ने सरकारी भूमि पर अवैध ढंग से कब्जा करने की शिकायत पर एसडीएम चमोली को जाॅच के निर्देश दिए गए। जोशीमठ की गोदाम्बरी देवी ने उनके पति की मृत्यु के बाद बैंक द्वारा फेमली पेंशन बंद किए जाने की शिकायत पर लीड बैंक अधिकारी को जाॅच कर तत्काल समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए गए। जनता दरवार में पहुॅची रीना देवी ने संस्कृत स्कूल कमेडा में माली के पद पर नौकरी की गुहार लगाई। वही जन सुनवाई में सामाजिक कार्यकर्ता देवेन्द्र सिंह बिष्ट ने 11 व 12 नवंबर को मंडल में आयोजित होने वाले माता अनसूया मेले के दौरान मार्ग पर पेयजल व्यवस्था सुचारू करने, सस्ते गल्ले की दुकानों में अतिरिक्त राशन भण्डारण, मेले के दौरान विद्युत आपूर्ति, यात्रियों की सुविधा के लिए मंडल में एटीएम स्थापित करने आदि विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर जिलाधिकारी को पत्र भी सौंपा। जिस पर जिलाधिकारी ने त्वरित कार्यवाही करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
जन सुनवाई में मुख्य विकास अधिकारी हंसादत्त पांडे, एसडीएम बुशरा अंसारी, सीएमओ डा0 केके सिंह, डीडीओ एसके राॅय सहित सड़क, शिक्षा, वन, समाज कल्याण, पेयजल, कृषि, उद्यान आदि विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
