जानवरों का प्रवेश रोकने के लिए सुरक्षा दीवार का निर्माण शीघ्र कराने की मांग ,डीएफओ का किया घेराव

Spread the love

हल्द्वानी। गौलापार के गांवों में जंगली व आवारा पशुओं से फसलों को बचाने की मांग को लेकर किसान तराई पूर्वी वन प्रभाग कार्यालय जा धमके। उन्होंने डीएफओ का घेराव कर जानवरों का प्रवेश रोकने के लिए सुरक्षा दीवार का निर्माण शीघ्र कराने की मांग की। गौलापार के तमाम किसान शुक्रवार को हीरानगर स्थित तराई पूर्वी वन प्रभाग के कार्यालय पहुंचे। उन्होंने लंबे इंतजार के बाद डीएफओ नितिशमणि त्रिपाठी का घेराव किया। उनका कहना था कि पिछले लंबे समय से गौला रेंज के बसंतपुर, मदनपुर, दानीबंगर, नई बस्ती आदि गांवों में हाथी व नीलगाय के साथ ही तमाम जानवर फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। मक्का, धान, सोयाबीन, उड़द, गन्ना, गेहूं, टमाटर, मटर, गोभी समेत तमाम सब्जियों को खा रहे हैं। सामाजिक कार्यकर्ता राजेंद्र सिंह चुफाल ने बताया कि किसानों को खासा नुकसान हो रहा है, वन विभाग की ओर से तय मुआवजा काफी कम है। उन्होंने किसानों को फसल की लागत का मुआवजा दिलाने के साथ ही फसल बीमा का लाभ दिलाए जाने की मांग उठाई। किसानों ने जानवरों की रोकथाम को शीघ्र करीब 1.5 किलोमीटर लंबी सुरक्षा दीवार बनाने पर जोर दिया। डीएफओ त्रिपाठी ने बताया कि सुरक्षा दीवार का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा गया है। जल्द धन स्वीकृत होते ही निर्माण शुरू कर दिया जाएगा।

घेराव करने वालों में बसंतपुर के प्रधान किशोर सिंह चुफाल, आनंद जोशी, डॉ. नरेंद्र सिंह, चुफाल, कुंवर सिंह, प्रकाश पांडे, केशव दत्त भट्ट, प्रकाश सुयाल, उर्वा दत्त तिवारी, विनोद कन्याल आदि शामिल थे।

देवभूमि खबर

Related articles