वाहनों में ओवर लोडिंग व ओवर चार्जिंग को लेकर एसडीएम और आरटीओ द्वारा सयुक्त जांच अभियान
रुद्रप्रयाग ।वाहनों में ओवर लोडिंग व ओवर चार्जिंग की लगातार आ रही शिकायतों की जांच करते हुए उप जिलाधिकारी सदर बृजेश तिवारी, संभागीय परिवहन अधिकारी मोहित कोठारी द्वारा संयुक्त जांच अभियान चलाया गया।
कोविड -19 के दृष्टिगत परिवहन विभाग द्वारा पूर्व में चालकों को सख्त हिदायत देते हुए वाहन में सवारी क्षमता के 50 प्रतिशत से अधिक न बैठाए जाने और निर्धारित दरों पर किराया लिए जाने हेतु कहा गया। इसके लिए परिवहन विभाग द्वारा जनपद के व्यवसायिक चालकों को प्रशिक्षण देकर मास्क पहनने की उपयोगिता, वाहन को सैनिटाइजर करने सहित सोशल डिस्टेंसिंग का महत्व बताया। विगत एक सप्ताह में 600 से अधिक वाहन चालकों को प्रशिक्षित किया जा चुका है। लेकिन विभिन्न माध्यमों से आ रही ओवर लोडिंग व ओवर चार्जिंग की शिकायत पर सोमवार को उप जिलाधिकारी और संभागीय परिवहन अधिकारी ने रुद्रप्रयाग बाजार, कोटेश्वर, जवाडी बायपास और तिलवाड़ा क्षेत्र में वाहनों की सघन जांच की। चेकिंग के दौरान विभिन्न अभियोगों में 15 वाहनों के चालान काटे गए।
संभागीय परिवहन अधिकारी मोहित कोठारी ने बताया कि माह जुलाई में अब तक विभिन्न अभियोगों में कुल 155 चालान किए गए हैं। उन्होंने बताया 48 लाईसेंस निलंबित किए गए हैं। कहा कि नियमों का उल्लंघन करने पर आगे भी वाहन चालकों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। इस दौरान परिवहन अधिकारी एस.एल. पाण्डेय भी मौजूद रहे।

