प्रशासन ने कारगी ग्रांट को भी किया बैरिकेडिंग लगाकर बंद
देहरादून। प्रदेश की राजधानी दून में दो कोरोना संक्रमित मिलने के बाद अब कारगी ग्रांट क्षेत्र को बैरिकेडिंग लगाकर बंद कर दिया गया है। इससे पहले शनिवार को कारगी और भगत सिंह कॉलोनी क्षेत्र को भी पूरी तरह सील कर दिया गया था। वहीं, हरिद्वार के पनियाला गांव को भी बैरिकेडिंग लगाकर बंद कर दिया है। इसके साथ ही गांव वालों से अपील की है कि वे घरों से न निकले और नमाज घर में ही अदा करें। वहीं शनिवार को दो कॉलोनियों में कोरोना संक्रमित मरीज मिलने के बाद लोग खौफ में हैं। इसके चलते बंजारावाला की हरिओम कॉलोनी में लोगों ने खुद ही डंडे लगाकर रास्ता आम लोगों की आवाजाही के लिए बंद कर दिया। रविवार को देहरादून में सुबह घंटाघर पर कम ही लोग दिखे। बेवजह निकले लोगों का पुलिस ने चालान भी किया। वहीं, धारा चैकी पहुंचकर कुछ लोगों ने पुलिस के पास राशन के लिए रजिस्ट्रेशन भी कराया।
इधर हरिद्वार की रानीपुर कोतवाली पुलिस ने लॉक डाउन का उल्लंघन करने पर दुकानदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। वहीं सड़कों पर घूमते मिले आठ लोगों को हिरासत में लिया। उधर मुंबई से रुद्रपुर लौटी एक युवती को खांसी व बुखार की शिकायत पर रुद्रपुर अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया है। साथ ही युवती का सैंपल जांच के लिए हल्द्वानी भेज दिया है। जबकि ऑस्ट्रेलिया से लौटे बाजपुर निवासी एक युवक का सैंपल अधिकारियों ने रिजेक्ट कर दिया। युवक का सैंपल दोबारा मांगा गया है।

