महिला को बिना मास्क पहने टोका तो पुलिस को दिखाई रोब

Spread the love

ललित जोशी,नैनीताल

नैनीताल, ।जहां एक ओर कोरोना नामक बीमारी से सारा संसार ग्रसित चल रहा है वही दूसरी ओर लोग मास्क न पहनकर अपने को बहुत बलवान समझ रहे हैं। कोरोना संक्रमण किसी की पद प्रतिष्ठा नहीं देखता। फिर भी लोग कोरोना के दोबारा बढ़ते खतरे के बावजूद मास्क नहीं पहन रहे और आपस में तय दूरी भी नहीं रख रहे। ऐसे में दिल्ली में जहां मास्क न पहनने पर दो हजार रुपए के जुर्माने व 10 घंटे की अस्थाई जेल की सजा दी जा रही है, वहीं दिल्ली के सैलानी पहाड़ पर आकर यहां भी कोरोना को बढ़ाने में अपना योगदान दे रहे हैं।

प्रदेश के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत पहले ही प्रदेश में कोरोना के दुबारा बढ़ने के लिए दिल्ली के हालातों को जिम्मेदार बता चुके हैं।
रविवार को नगर के तल्लीताल में पुलिस ने एक उत्तम नगर नई दिल्ली निवासी शालिनी नाम की सैलानी महिला को बिना मास्क के देखने पर उसका 200 रुपए का चालान करना चाहा तो वह अपने भाई को आईएएस व अन्य रिश्तेदारों के भी बड़े पदों पर होने का रौब गांठने लगी। यही नहीं वह अपना वीडियो चैनल बताकर चालान कर रहे पुलिस कर्मियों का वीडियो बनाते हुए कहने लगी कि उसे सारे कानून पता हैं। वह पुलिस कर्मियों को बदनाम कर देगी। अलबत्ता पुलिस ने उसका 200 रुपए का चालान कर दिया। तल्लीताल थाना प्रभारी विजय मेहता ने बताया कि राज्य में पहली बार मास्क न पहनने पर 200 रुपए तथा अगली बार में 500 रुपए के चालान का प्राविधान है।

देवभूमि खबर

Related articles