पर्यावरण मंत्री डॉ हरक सिंह रावत ने प्रदूषण बोर्ड की ओर से दिया मुख्यमंत्री राहत कोष में 25 करोड़ की धनराशि का योगदान
देहरादून।आज सचिवालय स्थित कार्यालय में वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ हरक सिंह रावत ने मुख्यमंत्री श्री तीरथ सिंह रावत को प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से कोरोना से जंग लड़ने के लिए 25 करोड़ की धनराशि का योगदान मुख्यमंत्री राहत कोष में दिया
मुख्यमंत्री श्री तीरथ सिंह रावत ने इस सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।इसके बाद मीडिया सेन्टर में आयोजित पत्रकार वार्ता में वन एवं पर्यावरण मंत्री डा. रावत ने प्रदेश के सभी संस्थाओं व संगठनों से आग्रह किया है कि इस संकट में अपना यथासंभव योगदान मुख्यमंत्री राहत कोष में दें। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के पास सीमित संसाधन हैं और कोरोना के खिलाफ लड़ाई लम्बी चल सकती है। ऐसे में सरकार को दूसरी लहर से निपटने के साथ ही तीसरी लहर के लिए भी तैयार रहना है। एकजुट होकर और सामूहिक सहभागिता से ही यह लड़ाई जीती जा सकती है।वन मंत्री डॉ. रावत ने कहा कि मौजूदा समय में राज्य सरकार पूरे प्रदेश खासतैार पर पहाड़ी जिलों में ऑक्सीजन प्लांट लगा रही है। हर चिकित्सालय में ऑक्सीजन सिलेण्डर और कंसंट्रेटर मुहैया करवा रही है। आवश्यक चिकित्सकीय उपकरणों व दवाओं की खरीद बड़े पैमाने पर की जा रही है।
इस अवसर पर प्रमुख सचिव वन श्री आनंद वर्द्धन, सदस्य सचिव प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड श्री एसपी सुबुद्धि भी उपस्थित थे।

