सांसद तीरथ सिंह रावत ने ली जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक
रूद्रप्रयाग ।दिशा कार्यक्रम के तहत शनिवार को विकास भवन सभागार में गढवाल संसदीय क्षेत्र के सांसद श्री तीरथ सिंह रावत ने जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक में केन्द्र पोषित योजनाओं की प्रगति समीक्षा की। जिले में अधिकारियों की कमी के बावजूद भी सभी योजनाओं में अच्छी प्रगति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मा0 सांसद ने जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल की जमकर सराहना भी की। कहा कि आय दिन समाचार पत्रों व धरातल पर जनपद में अच्छे कार्य हो रहे है। उन्होंने आगे भी सभी जन प्रतिनिधियों एवं अधिकारियों को मिलकर योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन करने पर जोर दिया। इस दौरान जिलाधिकारी ने सांसद को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत भी किया। बैठक में समिति के सदस्यों के महत्वपूर्ण सुझाव भी लिए गए। इस दौरान मा0 सांसद ने बेला खुरड़ में कृषि विभाग की प्रयोगशाला भवन का लोकापर्ण भी किया।
मा0 सांसद ने केन्द्र पोषित योजनाओं के तहत मनरेगा, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, पीएम आवास, पीएमजीएसवाई, जलागम, दीन दयाल ग्राम ज्योति, पीएम फसल बीमा, स्वच्छ भारत मिशन, सर्व शिक्षा, एमडीएम, वैकल्पिक ऊर्जा आदि योजनाओं की विस्तार से प्रगति समीक्षा की। मा0 संासद ने कहा कि अधिकारी पहाड़ के विकास को ध्यान में रखकर कार्य करें, कागजों तक योजना सीमित न होकर धरातल पर दिखनी चाहिय, अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन ईमानदारी व पारदर्शिता से कार्य करें। इसके साथ ही ससमय योजनाओं के प्लान बनाकर भेजे जिससे ससमय बजट अवमुक्त किया जा सके। कहा कि योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन हेतु दृढ़ इच्छाशक्ति से कार्य करें ।
सांसद तीरथ सिंह रावत ने कहा कि पीएम फसल बीमा योजना भारत सरकार की एक महत्वाकांक्षी योजना है, जिसका सीधा लाभ प्रभावित किसानों को मिलता है। उन्होंने अधिक से अधिक किसानों, काश्तकारों को इस योजना से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले में युवाओं के कौशल विकास कार्यो की समीक्षा करते हुए कहा कि कौशल विकास केन्द्रों से अधिक से अधिक युवाओं को प्रशिक्षण देकर उन्हें स्वरोजगार से जोड़े। साथ ही प्रशिक्षण पूरा करने के पश्चात स्वरोजगार व अन्य कंपनियों में कार्य कर रहे लोगों को फॉलो अप करने के निर्देश सेवायोजन विभाग को, कृषि विभाग की प्रधानमंत्री किसान मानधन योजना पेंशन के लाभ हेतु विकास खंड स्तर पर कैम्प लगाकर लोगो की समस्याओं का समाधान करने, लंबित मुआवजा के वितरण हेतु अमीन की व्यवस्था कर लोगो को जल्द से जल्द मुआवजा वितरित करने के निर्देश संबंधितो को दिये।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजनाओं की प्रगति समीक्षा करते हुए सांसद ने भारत सरकार स्तर पर लंबित सड़कों की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। पीएमजीएसवाई की सड़क निर्माण से कई प्रभावितों को मुआवजा न मिलने के प्रकरण पर मा0 सांसद ने कहा कि भारत सरकार ने स्पष्ट गाइड लाइन जारी कर दी है कि सर्वे के बाद सबसे पहले प्रभावितों में मुआवजा वितरण किया जाएगा। सांसद ने सौभाग्य योजना के तहत जिले में छूटे हुए सभी तोकों तक शीघ्र बिजली पहुंचाने के भी निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने सांसद को जिले में संचालित केन्द्र पोषित योजनाओं की प्रगति के संबध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मनेरगा के तहत 6321 कार्यों में से 2056 कार्य कार्य पूर्ण कर दिये गए है। इस दौरान जिलाधिकारी ने अन्य योजनाओं की प्रगति से भी सांसद को विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अमरदेई शाह, विधायक रुद्रप्रयाग भरत सिंह चौधरी, केदारनाथ मनोज रावत, नगर पालिका अध्यक्ष गीता झिंक्वान, मुख्य विकास अधिकारी सरदार सिंह चौहान, डिप्टी कलेक्टर दिनेश प्रताप सिंह सहित जनप्रतिनिधि व समस्त विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

