घुसपैठियों और अपराधियों पर सीएम धामी सख्त, फर्जी प्रमाण पत्र बनाने वालों पर भी होगी कड़ी कार्रवाई
देहरादून।राज्य स्तरीय पुलिस संगोष्ठी के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पुलिस को सख्त निर्देश दिए कि राज्य में फर्जी दस्तावेजों के सहारे रह रहे विदेशी घुसपैठियों के खिलाफ प्रशासन के साथ मिलकर व्यापक अभियान चलाया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि फर्जी प्रमाण पत्र तैयार करने में सहयोग करने वालों को भी बख्शा नहीं जाएगा।
मुख्यमंत्री ने पुलिस से स्पष्ट कहा कि आम जनता के साथ मित्रवत व्यवहार बनाए रखें, लेकिन अपराधियों में उत्तराखण्ड पुलिस का भय बना रहना चाहिए। उन्होंने ड्रग्स माफिया के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए और कहा कि राज्य की शांति और छवि को किसी भी कीमत पर बिगाड़ने नहीं दिया जाएगा।
सीएम धामी ने पुलिस से साइबर अपराधों पर त्वरित एफआईआर दर्ज करने और जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी एसपी और एसएसपी से उनके गोद लिए थानों की स्थिति की जानकारी ली और उन्हें लगातार निरीक्षण कर सुधार करने के लिए कहा।
बैठक में नैनीताल के कैंची धाम की स्थिति पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने वहां अगले 10 दिनों में हेलीपैड बनाने और स्वयं 10 दिन बाद वहां पहुंचने की बात कही। इसके साथ ही उन्होंने ट्रैफिक और पार्किंग की व्यवस्था सुधारने के निर्देश भी दिए।
देहरादून और अन्य जिलों में सीसीटीवी कैमरा सिस्टम की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने एक समग्र रिपोर्ट पेश करने को कहा। वहीं, ऊधमसिंह नगर में प्रस्तावित फॉरेंसिक लैब के लिए भारत सरकार से समन्वय स्थापित करने के निर्देश भी दिए।
पर्यटन सीजन और चारधाम यात्रा को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने यात्री डेटा संग्रह, ट्रैफिक सूचना डिस्प्ले बोर्ड और एसएमएस व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने ट्रैफिक और पार्किंग को इस तरह व्यवस्थित करने की बात कही कि यह अन्य राज्यों के लिए भी आदर्श मॉडल बन सके।
इस महत्वपूर्ण बैठक में गृह सचिव शैलेश बगौली, डीजीपी दीपम सेठ, सभी जिलों के एसएसपी व एसपी समेत पुलिस विभाग के शीर्ष अधिकारी मौजूद रहे।

