मसूरी में बड़ा हादसा टला – दिल्ली से आ रही पर्यटकों की बस पानी वाला बैंड के पास पलटी, सभी यात्री सुरक्षित

मसूरी में बड़ा हादसा टला – दिल्ली से आ रही पर्यटकों की बस पानी वाला बैंड के पास पलटी, सभी यात्री सुरक्षित
Spread the love

देहरादून। प्रातः मसूरी कोतवाली क्षेत्र में सिटी कंट्रोल रूम से सूचना प्राप्त हुई कि पानी वाला बैंड के पास एक बस पलट गई है। सूचना मिलते ही कोतवाली मसूरी के प्रभारी निरीक्षक पुलिस बल व आपदा उपकरणों के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर 27 सीटर बस संख्या DD 01 S 9078 पलटी हुई मिली, जिसमें कुल 27 यात्री सवार थे।

जांच में पता चला कि बस 17 अप्रैल की रात 11 बजे कश्मीरी गेट, दिल्ली से मसूरी के लिए रवाना हुई थी। बस चालक जसवंत पुत्र शमशाद, निवासी विजय पार्क, मौजपुर दिल्ली था। सुबह लगभग 6:50 बजे पानी वाला बैंड के पास बस की कमानी टूटने से वाहन अनियंत्रित होकर रोड पर ही पलट गया। सौभाग्यवश बस की गति धीमी होने के कारण बड़ा हादसा टल गया।

घटना में केवल एक यात्री, अर्चित शुक्ला पुत्र गिरीश चंद्र शुक्ला, निवासी दिल्ली को मामूली चोटें आई हैं, जिन्हें तत्काल 108 एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया। शेष सभी यात्री सुरक्षित हैं और उन्हें प्राइवेट वाहनों की सहायता से मसूरी भेजा गया है।

पुलिस द्वारा बस को मुख्य मार्ग से हटाकर सड़क किनारे किया गया है, और सुरक्षा की दृष्टि से दोनों ओर पुलिस बल तैनात किया गया है। वर्तमान में क्षेत्र में यातायात व्यवस्था पूरी तरह से सुचारू है।

देवभूमि खबर

Related articles