इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने वाला युवक गिरफ्तार, बालिका सकुशल बरामद
देहरादून। थाना रायपुर क्षेत्र में नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दिनांक 10 सितंबर 2025 को कंडोली, रायपुर निवासी महिला ने थाना रायपुर में तहरीर दी थी कि उनकी 14 वर्षीय पुत्री घर से बिना बताए कहीं चली गई है। इस पर थाना रायपुर में धारा 137(2) के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने टीम गठित कर नाबालिग की बरामदगी के निर्देश दिए।
पुलिस टीम ने जांच के दौरान घटना स्थल व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और सुरागरसी-पतारसी के साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। नाबालिग के सोशल मीडिया अकाउंट की जांच में यह जानकारी मिली कि वह इंस्टाग्राम पर एक युवक से संपर्क में थी और उसे कई बार उसी युवक के साथ रायपुर क्षेत्र में देखा गया है। इसके आधार पर पुलिस टीम ने मैनुअल पुलिसिंग करते हुए आरोपी की पहचान प्रकाश जैन उर्फ काकू पुत्र शरद जैन निवासी अमृत गंगा अपार्टमेंट, भूपतवाला, जनपद हरिद्वार (उम्र 23 वर्ष) के रूप में की।
पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी को लाडपुर तिराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया और उसके कब्जे से नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद किया। आरोपी के विरुद्ध अपहरण और पोक्सो अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक राजीव धारीवाल चौकी प्रभारी मयूर विहार, महिला उपनिरीक्षक वर्षा रमोला, हे0का0 महावीर सिंह तथा का0 प्रेम पंवार शामिल रहे।

