पूर्व केंद्रीय मंत्री व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष बच्ची सिंह रावत का निधन
देहरादून ।भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री बच्ची सिंह रावत का निधन हो गया है।11 अप्रैल को बच्ची सिंह रावत की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी और तबीयत बिगड़ने पर एयर एंबुलेंस से ऋषिकेश एम्स में भर्ती करवाया गया था। जहां उन्होंने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। बच्ची सिंह रावत के निधन पर मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने दुख जताया है।
शनिवार रात को उन्हें फेफड़ों में संक्रमण होने के कारण हल्द्वानी से हेलीकॉप्टर द्वारा अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान ऋषिकेश में भर्ती कराया गया था। एम्स के स्टाफ ऑफिसर डॉक्टर मधुर उनियाल ने बताया कि रविवार रात उनकी हालत अचानक और बिगड़ गई। रात करीब 8:45 बजे उनका निधन हो गया। शनिवार को जब उन्हें लाया गया था तो उनकी कोविड-19 रिपोर्ट निगेटिव थी। लेकिन एम्स में उनकी दोबारा कोरोना की जांच की गई, जिसमें वे संक्रमित पाए गए थे। उनके निधन की खबर सुनते ही प्रदेश भाजपा में शोक की लहर दौड़ गई।
बच्ची सिंह रावत के निधन पर मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत सहित गणमान्य व्यक्तियों ने शोक जताया। वहीं, नैनीताल और उधमसिंह नगर संसदीय क्षेत्र के सांसद अजय भट्ट ने बचदा के निधन पर गहरा दुख जताते हुए इसे राज्य के लिए एक बड़ी क्षति बताया। उन्होंने कहा कि रावत ने कई दशकों तक उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश की राजनीति में अपनी सक्रिय भूमिका निभाई है। हमने उनके बहुत कुछ सीखा है। उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में भाजपा उनके परिवार के साथ खड़ी है।

