रुद्रप्रयाग। सिरोबगड़ चौकी पर सूचना मिली कि एक व्यक्ति सिरोबगड़ के पास नीचे अलकनंदा नदी के किनारे पड़ा हुआ है। सूचना पर चौकी प्रभारी जवाड़ी पुलिस बल सहित मौके पर पहुंचे, जहां पर देखा कि एक व्यक्ति सड़क से काफी नीचे नदी के किनारे पड़ा हुआ था। एसडीआरएफ व जल पुलिस की मदद से उसे निकाला गया।
सड़क पर एक स्कूटी खड़ी मिली, जिसका रजिस्ट्रेशन संख्या UK 16 D 7392 था। वाहन स्वामी का पता किया गया तो यह स्कूटी चंद्रशेखर भट्ट पुत्र श्रीधरानंद भट्ट निवासी विकासनगर, देहरादून के नाम पर पंजीकृत मिली। वाहन स्वामी के घर संपर्क करने पर उनकी पत्नी ने बताया कि उनके पति 28 मार्च 2025 को विकासनगर देहरादून से स्कूटी से अपने ससुराल ग्राम पाली, रुद्रप्रयाग के लिए निकले थे। श्रीनगर तक उनसे संपर्क बना रहा, लेकिन उसके बाद से उनका फोन बंद हो गया।
मौके पर मृतक के बड़े भाई विनोद भट्ट व अन्य परिजनों के पहुंचने पर मृतक की शिनाख्त चंद्रशेखर भट्ट पुत्र श्रीधरानंद भट्ट निवासी ग्राम व पोस्ट भटवाड़ी, थाना अगस्त्यमुनि, रुद्रप्रयाग, उम्र करीब 55 वर्ष के रूप में हुई। मृतक का मौके पर पंचनामा भरकर जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया और शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। प्रथम दृष्टया, मृतक की मृत्यु सड़क से नीचे खाई में गिरने के कारण आई चोटों से होना प्रतीत हो रहा है।

