चमोली।सरकारी विभाग की एक्सप्लोसिव मैगजीन से विस्फोटक सामग्री चोरी की अत्यंत गंभीर एवं संवेदनशील घटना का कर्णप्रयाग पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए विधि का उल्लंघन करने वाले चार किशोरों को संरक्षण में लिया है।
इस संबंध में वादी मयंक तिवारी, पुत्र श्री ललित मोहन तिवारी, सहायक अभियंता, लोक निर्माण विभाग, प्रांतीय खंड कर्णप्रयाग द्वारा दिनांक 10.01.2026 को कोतवाली कर्णप्रयाग में लिखित तहरीर दी गई। तहरीर में अवगत कराया गया कि दिनांक 08.01.2026 को लोक निर्माण विभाग की कर्णप्रयाग स्थित एक्सप्लोसिव मैगजीन की चेकिंग के दौरान पाया गया कि वहां सुरक्षित रखे गए 1399 डेटोनेटर एवं 25 मीटर फ्यूज वायर किसी अज्ञात चोर द्वारा चोरी कर लिए गए हैं।
घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल मदन सिंह बिष्ट द्वारा घटनास्थल का स्थलीय निरीक्षण किया गया। सरकारी विस्फोटक सामग्री की चोरी को गंभीर अपराध मानते हुए सुरजीत सिंह पंवार के आदेशानुसार कोतवाली कर्णप्रयाग में मुकदमा अपराध संख्या 01/2026, धारा 305(ड) बी.एन.एस. के अंतर्गत पंजीकृत किया गया। घटना के अनावरण हेतु त्रिवेन्द्र सिंह राणा के पर्यवेक्षण में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।
विवेचना के दौरान यह तथ्य सामने आया कि अज्ञात चोरों द्वारा मैगजीन का ताला पत्थरों से तोड़कर विस्फोटक सामग्री चोरी की गई थी। मैगजीन का स्थान सुनसान क्षेत्र में होना, समय-तिथि की स्पष्ट जानकारी न मिलना एवं चेकिंग में अनियमितता के कारण मामला चुनौतीपूर्ण था, लेकिन पुलिस टीम ने सतर्कता और धैर्य के साथ जांच को आगे बढ़ाया।
घटना के सफल अनावरण हेतु मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया, गहन सुरागरसी-पतारसी की गई तथा घटनास्थल के आसपास लगे 50 से 60 सीसीटीवी कैमरों का बारीकी से अवलोकन किया गया। साथ ही इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की भी सहायता ली गई।
तकनीकी जांच के दौरान दिनांक 17.12.2025 को चार संदिग्ध नाबालिग बालक घटनास्थल से काफी दूर पंचपुलिया क्षेत्र एवं नदी की ओर थैले ले जाते हुए सीसीटीवी फुटेज में कैद पाए गए। संदेह के आधार पर मुखबिरों के माध्यम से पहचान कराई गई, जिससे जानकारी मिली कि चारों किशोर नेपाली मूल के हैं और कर्णप्रयाग क्षेत्र में निवास करते हैं, जबकि एक किशोर के बागेश्वर चले जाने की सूचना भी प्राप्त हुई।
पूछताछ के दौरान चारों विधि-विवादित किशोरों ने स्वीकार किया कि उन्होंने दिनांक 17.12.2025 को दोपहर लगभग 12:30 बजे मैगजीन का ताला पत्थरों से तोड़कर वहां रखे डेटोनेटर एवं फ्यूज वायर चोरी किए थे। उन्होंने यह भी बताया कि चोरी की गई विस्फोटक सामग्री को नदी में मछली मारने तथा अन्य स्थानों पर पटाखों की तरह फोड़ दिया गया, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था।
आरोपियों की निशानदेही पर दिनांक 15.01.2026 को 239 डेटोनेटर एवं एक बंडल फ्यूज वायर पंचपुलिया नगर पालिका डंपिंग जोन के नीचे, नदी किनारे से बरामद किए गए। जांच में यह भी सामने आया कि कुछ फ्यूज वायर को आग में जलाकर नष्ट कर दिया गया था।
चारों विधि-विवादित किशोरों को नियमानुसार धारा 305(ड)/331(3)/317(2)/3(5) बी.एन.एस. के अंतर्गत संरक्षण में लेते हुए किशोर न्याय बोर्ड, गोपेश्वर के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
चमोली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। विस्फोटक सामग्री के अवैध उपयोग, चोरी अथवा भंडारण के मामलों में कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उक्त प्रकरण के सफल अनावरण पर पुलिस अधीक्षक द्वारा पुलिस टीम के उत्कृष्ट कार्य की सराहना करते हुए टीम को ₹2,500/- का पारितोषिक प्रदान किया गया।
पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक संजय नेगी, उपनिरीक्षक मानवेन्द्र सिंह, हेड कांस्टेबल दान सिंह, हेड कांस्टेबल प्रदीप खंडूरी, हेड कांस्टेबल भगत, कांस्टेबल नरेश नेगी, कांस्टेबल सतीश गुसाईं एवं एसओजी टीम शामिल रहे।
