नंदा देवी राजजात यात्रा की तैयारियों में जुटा जिला प्रशासन, डीएम–एसपी ने आदिबद्री धाम व चांदपुर गढ़ी का किया स्थलीय निरीक्षण

Spread the love

चमोली।आगामी नंदा देवी राजजात यात्रा की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मकर संक्रांति के पावन पर्व पर श्री आदिबद्री धाम के कपाट खुलने के ठीक एक दिन बाद गौरव कुमार (जिलाधिकारी) एवं सुरजीत सिंह पंवार (पुलिस अधीक्षक) ने आदिबद्री धाम पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

धाम पहुंचने पर मंदिर समिति के अध्यक्ष जगदीश प्रसाद बहुगुणा एवं अन्य सदस्यों द्वारा डीएम और एसपी का फूल-मालाओं व शॉल भेंट कर भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर अधिकारियों ने मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना कर जनपद की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके साथ ही वे धाम में चल रही श्रीमद्भागवत कथा में भी सम्मिलित हुए और कुछ समय तक कथा श्रवण कर आध्यात्मिक लाभ प्राप्त किया।

इसके उपरांत डीएम व एसपी ने चांदपुर गढ़ी का निरीक्षण किया, जो ऐतिहासिक दृष्टि के साथ-साथ आगामी राजजात यात्रा की दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण स्थल है। पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनज़र चांदपुर गढ़ी परिसर एवं आसपास के मार्गों का गहन निरीक्षण किया और कहा कि ऐतिहासिक धरोहरों की सुरक्षा के साथ यात्रियों की सुविधा सुनिश्चित करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान कर्णप्रयाग–आदिबद्री मार्ग पर बढ़ते यात्री दबाव और संकरी सड़क के कारण उत्पन्न होने वाली यातायात समस्या पर भी चर्चा की गई। इस संबंध में अनिल नौटियाल (कर्णप्रयाग विधायक) एवं ऋषि प्रसाद सती (बीकेटीसी उपाध्यक्ष) के साथ मौके पर ही विचार-विमर्श किया गया। सड़क पर जाम की स्थिति से बचने के लिए नए पार्किंग स्थलों को चिन्हित करने की प्रक्रिया शुरू करने पर सहमति बनी। साथ ही आगामी श्री नंदा देवी राजजात यात्रा की तैयारियों को लेकर विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।

इस अवसर पर प्रभारी जिला शिक्षाधिकारी श्रीकांत पुरोहित सहित मंदिर समिति के सदस्य एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles