आर्थिक गणना को मिशन मोड में संचालित करने हेतु फुलप्रुफ मैकनिज्म तैयार करें
रूद्रप्रयाग ।भारत एवं राज्य सरकार की महत्वपूर्ण सातवीं आर्थिक गणना को मिशन मोड में संचालित करने हेतु फुलप्रुफ मैकनिज्म तैयार करें जिससे केन्द्र सरकार द्वारा नामित सीएससी के आर्थिक गणनाकारों पर पैनी नजर रखी जा सके। उक्त बातें जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल ने जिला कार्यालय कक्ष में सातवीं आर्थिक गणना के अन्तर्गत सीएससी द्वारा घर-घर जाकर की जाने वाली गणना की समीक्षा के दौरान कही। उन्होंने कहा कि सीएससी के प्रगणक द्वारा सभी 636 गांव में क्रियाकलापों की गणना की जाएगी और प्रगणक घर-घर पहुॅचे इसकी निगरानी हेतु ग्राम विकास अधिकारी, ग्राम पंचायत विकास अधिकारी को ग्राम पंचायतें आवंटित करना सुनिश्चित करें जिससे जनपद में किये जा रहे क्रियाकलापों के शत-प्रतिशत और सही आंकड़े प्राप्त हो सकें। उन्होंने कहा कि आर्थिक गणना दिसम्बर माह तक पूर्ण की जानी है इसलिए एक सप्ताह में टाइम लाइन प्रोग्राम तय कर ग्रामीण क्षेत्र हेतु नामित कार्मिकों को प्रेषित करें। उन्होंने कहा कि टाइम लाइन प्रोग्राम तय होते ही आर्थिक गणना में लगे सीएससी के प्रगणकों, सुपरवाईजरों एवं गांव में नामित वीएलई को ‘‘मैप’’ उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें जिससे समय से आर्थिक गणना पूर्ण हो सके।
अर्थ एवं संख्याधिकारी एस के गिरी ने बताया कि सातवीं आर्थिक गणना के अन्तर्गत जनपद में किये जाने वाले आर्थिक क्रियाकलापों की गणना मोबाइल ‘‘एप’’ के माध्यम से होनी है और प्रगणक घर-घर जाकर प्रत्येक परिवार के क्रियाकलापों की जानकारी उसमें दर्ज करेगा जिसकी निगरानी हेतु जीपीएस कोडिनेट फिक्स किये गये हैं। उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में नगरीय क्षेत्र तत्पश्चात ग्रामीण क्षेत्रों में दिसम्बर अंत तक गणना पूर्ण की जायेगी। उन्होंने बताया कि तीन चरणों में गणना को आधार बनाया जायेगा, प्रथम चरण में वर्षभर चलने वाले उद्योग, द्वितीय चरण में वर्ष में कुछ माह चलने वाले तथा तीसरे चरण में छुटपुट चलने वाले उद्योगों की गणना के साथ घरों में व्यक्तिगत रूप से चलाये जा रहे छोटे उद्योगों की गणना भी की जायेगी।
उन्होंने बताया कि कृषि विभाग, सरकारी क्षेत्र को छोड़कर असंगठित क्षेत्र में चल रहे कार्यो की गणना सम्मिलित की जायेगी। उन्होंने बताया कि नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्र के भवनों में हाउस नम्बर न होने पर भवनों को क्रमांक दिया जायेगा। जिलाधिकारी ने जनपद का डाटा शतप्रतिशत सही प्राप्त करने, सीएससी कंपनी के गणनाकारों पर पैनी रखने के निर्देश दिये जिससे गणना सही हो सके। जिलाधिकारी ने प्रगणकों को प्रत्येक घर की सेल्फी लेने के निर्देश दिये जिससे प्रत्येक घर की गणना की शिनाख्त हो सके।
जिलाधिकारी ने जनपद के समस्त लोगों से अपील की है कि भारत सरकार से नामित एजेंसी सीएससी कम्पनी के कार्मिकों को आर्थिक गणना में सहयोग करें और कार्यक्षेत्र व उद्योगों के सम्बन्ध में जानकारी साझा करें जिससे शतप्रतिशत सही आंकड़े भारत सरकार को प्रेषित हो सकें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सरदार सिंह चैहान, जिला पंचायत राज अधिकारी चमन सिंह राठौर, वरिष्ठ संख्याधिकारी (एन एस एस ओ) एस एल चंद्रवाल, अपर संख्याधिकारी एस के सैनी, सीएससी से सुभाष नेगी, आशीष रावत, सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद थे।

