उत्तराखण्ड राज्य आंदोलनकारी मंच ने ‘इगास’ एवं ‘रजत जयंती’ को लेकर कार्यक्रमों की रूपरेखा जारी की

Spread the love

देहरादून। उत्तराखण्ड राज्य आंदोलनकारी मंच ने इगास और राज्य स्थापना दिवस की रजत जयंती को लेकर अपनी तैयारियों की घोषणा करते हुए तीन दिवसीय कार्यक्रमों का कैलेंडर जारी किया। इस संबंध में आज दिनांक 27 अक्टूबर को मंच की ओर से प्रेस विज्ञप्ति जारी की गई।

प्रदेश प्रवक्ता प्रदीप कुकरेती ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष जगमोहन सिंह नेगी के आह्वान पर गत रविवार सायंकाल शहीद स्मारक पर मंच के पदाधिकारियों की तैयारी बैठक आयोजित की गई। बैठक में मातृशक्ति एवं युवा साथियों से सुझाव एकत्र किए गए, जिसके आधार पर संगठन ने तीन दिनों के लिए कार्यक्रम तय किए। अध्यक्ष जगमोहन सिंह नेगी ने कहा कि कुछ वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी जो उम्र या स्वास्थ्य कारणों से कार्यक्रमों में भाग नहीं ले सकते, उन्हें वर्ष 2023 की तरह उनके घर जाकर उत्तराखण्ड गौरव सम्मान से सम्मानित किया जाएगा।

महासचिव रामलाल खंडूड़ी एवं वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी शकुन्तला रावत ने बताया कि 01 नवम्बर को इगास उत्सव सायं 03 बजे शहीद स्मारक पर मनाया जाएगा। इस अवसर पर सभी आंदोलनकारी धूप-दीपक के साथ शहीदों को नमन करेंगे और पूरी-पकौड़ी, लड्डू-मिठाई आदि का प्रसाद वितरित किया जाएगा। इगास पर पारंपरिक ढंग से भेलों जलाकर उजाला किया जाएगा।

सलाहकार रविन्द्र जुगरान और प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेश नेगी ने कहा कि राज्य आंदोलनकारी मंच ने उत्तराखण्ड की संस्कृति और जनहित के मुद्दों को लेकर हमेशा सशक्त भूमिका निभाई है और उसकी आवाज प्रदेश स्तर तक पहुंची है।

प्रदेश प्रवक्ता प्रदीप कुकरेती ने आगे बताया कि रजत जयंती वर्ष के अवसर पर राज्य आंदोलन के इतिहास के प्रति छात्रों में रुचि और जागरूकता बढ़ाने के लिए मंच ने दो विद्यालयों — गांधी इंटर कॉलेज और राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, राजपुर रोड — के विद्यार्थियों के लिए “उत्तराखण्ड राज्य आन्दोलन” विषय पर निबंध प्रतियोगिता आयोजित करने का निर्णय लिया है। कक्षा 5वीं से 10वीं तक के छात्र-छात्राओं को 150 शब्दों का निबंध लिखना होगा, जो 05 नवम्बर तक जमा किया जाएगा। इसका मूल्यांकन वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी और राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित शिक्षकों प्रदीप डबराल, विजयलक्ष्मी गुसांई और आर.पी.एस. नेगी द्वारा किया जाएगा। पुरस्कार स्थापना दिवस पर प्रदान किए जाएंगे।

तीन दिवसीय कार्यक्रमों की रूपरेखा इस प्रकार रहेगी —
1️⃣ 07 नवम्बर (सायं 04 बजे) — शहीद स्मारक पर “जनगीतों की शाम” का आयोजन होगा, जिसमें सांस्कृतिक मोर्चे के साथ पुराने आंदोलनकारी शामिल होंगे।
2️⃣ 08 नवम्बर (प्रातः 11 बजे)“उत्तराखण्ड के 25 वर्ष” विषय पर परिचर्चा आयोजित होगी, जिसमें वरिष्ठ जन एवं राज्य आंदोलनकारी अपने विचार रखेंगे।
3️⃣ 09 नवम्बर (स्थापना दिवस)प्रातः 10:30 बजे शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए जाएंगे और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। विभिन्न क्षेत्रों में विशेष उपलब्धि प्राप्त साथियों को “मित्र सम्मान” से सम्मानित किया जाएगा।

तैयारी बैठक में रविन्द्र जुगरान, जगमोहन सिंह नेगी, रामलाल खंडूड़ी, प्रदीप कुकरेती, ललित जोशी, सुरेश नेगी, पुष्पलता सीलमाणा, शकुन्तला रावत, सुदेश सिंह (मंत्री), मोहन खत्री, हरी सिंह मेहर, चन्द्रकिरण राणा, विनोद असवाल, प्रभात डण्डरियाल, यशोदा रावत, संगीता रावत, देवेश्वरी नेगी, रामेश्वरी नेगी, हरीश पंत और देवेन्द्र नौटियाल सहित अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles