उपनल कर्मचारियों ने सरकार पर लगाया उपेक्षा का आरोप

Spread the love
पौड़ी।देवभूमि खबर। उपनल महासंघ पौड़ी ने सरकार पर उपेक्षा का आरोप लगाया है। महासंघ ने सीएम की घोषणा के बाद भी वेतनवृद्धि का शासनादेश जारी नहीं होने पर नाराजगी जताते हुए जल्द वेतनवृद्धि करने की मांग की है। जल्द वेतनवृद्धि नहीं होने पर संघ ने आंदोलन की चेतावनी भी दी है। उपनल महासंघ के अध्यक्ष भारतेंद्र नेगी ने बताया कि बीते 9 नवंबर को सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने उपनल कर्मचारियों के वेतन में वृद्धि के साथ ही पीआरडी जवानों के मानदेय में वृद्धि व समाज कल्याण के तहत मिलने वाली विधवा व वृद्धा पेंशनों में बढ़ोत्तरी करने की घोषणा की। कहा कि सीएम द्वारा की गई घोषणाओं के तहत पीआरडी जवानों के मानदेय में वृद्धि का शासनादेश जारी हो गया है साथ ही वृद्धा व विधवा पेंशन में बढ़ोत्तरी का शासनादेश भी जारी हो गया है लेकिन उपनल कर्मचारियों के वेतनवृद्धि को लेकर अभी तक कोई कदम नहीं उठाए गए है। जिससे उपनल कर्मचारी अपने को ठगा महसूस कर रहे हैं। उन्होंने सरकार पर उपनल कर्मचारियों की उपेक्षा करने का आरोप भी लगाया। बताया कि वेतनवृद्धि को लेकर सीएम व उपनल निदेशालय में भी अधिकारियों से वार्ता की जा चुकी है लेकिन सिर्फ आश्वासन दिया जा रहा है। उन्होंने जल्द ही वेतनवृद्धि करने की मांग की है। जल्द वेतनवृद्धि नहीं करने पर उन्होंने उग्र आंदोलन की चेतावनी भी दी है।

देवभूमि खबर