एनडीए सरकार ने 8 कैबिनेट समितियों का किया पुनर्गठन

नई दिल्ली।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई वाली केंद्र की एनडीए सरकार ने आठ महत्वपूर्ण कैबिनेट समितियों का पुनर्गठन किया है, जिसमें पीएम मोदी 6 समितयों के सदस्य हैं, जबकि देश के गृह मंत्री अमित शाह सभी आठ समितियों से जुड़े हैं।
केंद्र सरकार ने जिन समितियों का पुनर्गठन किया है, उनमें समायोजन समिति, संसदीय मामलों की समिति, राजनीतिक मामलों की समिति, सुरक्षा मामलों की समिति, नियुक्ति समिति, आर्थिक मामलों की समिति, निवेश एवं संवृद्धि मामलों की समिति, रोजगार एवं कौशल विकास समिति शामिल है।
प्रधानमंत्री मोदी इनमें से समायोजन और संसदीय मामलों की कैबिनेट समिति का हिस्सा नहीं हैं, जबकि छह अन्य समितियों में वह शामिल हैं। वहीं गृह मंत्री शाह सभी आठ समितियों से जुड़े हैं। कैबिनेट की नियुक्ति समिति में पीएम मोदी व शाह शामिल हैं तो समायोजन समिति में शाह के साथ सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और रेल मंत्री पीयूष गोयल भी शामिल हैं।
एक अन्य महत्वपूर्ण आर्थिक मामलों की कैबिनेट कमेटी मेंर पीएम मोदी व शाह के साथ-साथ केंद्रीय मंत्रियों नितिन गडकरी, निर्मला सीतारमण, पीयूष गोयल, राजनाथ सिंह, डीवी सदानंद गौड़ा, नरेंद्र सिंह तोमर, रविशंकर प्रसाद, हरसिमरत कौर बादल, एस जयशंकर और धर्मेंद्र प्रधान शामिल हैं। यहां उल्लेखनीय है कि कैबिनेट समितियों का गठन अथवा पुनर्गठन नई सरकार के बनने या मंत्रिमंडल में फेरबदल पर किया जाता है।

