मृत्यु के भय से मुक्त कर देती है भागवत
हरिद्वार। हरिद्वार महाकुंभ के पावन पर्व पर विष्णु घाट में सात दिवसीय श्रीमदभागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें श्रद्धालु कथा का रसपान कर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं।
कथा वक्ता आचार्य कृष्णकांत उनियाल ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा मानव को मृत्यु के भय से मुक्त कर देती है। कहा कि जिन पर परमात्मा की विशेष कृपा हुई है, वही इस कथा मंडप में पहुंचे हैं। कहा, जीव ईश्वर का स्वरूप होते हुए भी ईश्वर को पहचानने का प्रयत्न नहीं करता है। इसी कारण उसे आनंद की प्राप्त नहीं होती है। कथा मंडप में पहुंचे जूना अखाड़ा के सभापति प्रेमगिरी महाराज ने कहा कि भागवत जीवन जीने की कला का मार्ग दर्शन करता है। भागवत ज्ञान, वैराग्य को जागृत करने की कथा है।

इस दौरान स्वामी शिवानंद गिरि महाराज और स्वामी महेश्वरानंद गिरि महाराज ने कहा कि ज्ञान और वैराग्य मनुष्य के अंदर हैं, पर वह सोए हुए हैं। भागवत के अलावा अन्य कोई पुराण नहीं जो मनुष्य मात्र को सात दिनों में मुक्ति का मार्ग दिखा सके। कथा आयोजक श्याम लाल सिंगला और डाॅ अनिल गुप्ता ने व्यास पीठ और आए हुए सभी संत-महात्माओं का माल्यार्पण कर स्वागत किया। उन्होंने बताया कि शनिवार को कथा का समापन होगा।

