कोरोना वायरस से बचाव के लिए लगातार प्रचार-प्रसार किया जाए

Spread the love

अल्मोड़ा। मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि कोरोना वायरस से बचाव के लिए लगातार प्रचार-प्रसार किया जाए। आमजन को सामाजिक दूरी बनाकर रखने के लिए जागरूक किया जाए। उन्होंने आमजन से सीनियर सिटीजन और 10 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को घर में ही रहने की सलाह देते हुए 22 मार्च को प्रधानमंत्री द्वारा किये गये आह्वान पर जनता कफ्र्यू को सफल बनाने में अपना योगदान देने की अपील की। मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों को अपने अपने जनपदों में एडीएम रैंक के अधिकारियों को नोडल अधिकारी बनाने के निर्देश दिये। नोडल अधिकारी सभी अस्पतालों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लें एवं जिलाधिकारी को लगातार अपडेट करते रहें। उन्होंने निर्देश दिए कि सार्वजनिक स्थलों को सैनेटाईज करना अत्यावश्यक है। इसके लिए जिलाधिकारी लगातार माॅनिटरिंग करते हुए लगातार सैनेटाईजेशन की रिपोर्ट लेते रहें। उन्होंने सभी नगर निकायों को प्रोएक्टिव होकर कार्य करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटकों की आवाजाही को रोक दिया गया है। उन्होंने कहा कि सभी संयम और सतर्कता बरतें। उन्होंने निर्देश दिए कि कोरोना का संदिग्ध पाए जाने पर गाईडलाईन प्रोटोकोल के अनुसार कार्यवाही की जाए। उन्होंने कोरोना के लक्षण पाए जाने पर 100 प्रतिशत सतर्कता बरतते हुए प्रोटोकोल के अनुसार उत्तरोत्तर कार्यवाही किए जाने के निर्देश दिए। डाॅक्टर्स और मेडिकल टीम को स्वस्थ व सुरक्षित रखने हेतु पूर्ण सतर्कता बरती जाए।मुख्यमंत्री ने कहा कि खाद्य पदार्थों की आपूर्ति सुचारू रूप से चलती रहे इसके लिए स्थानीय व्यापार मंडलों, मंडी परिषदों आदि से सम्पर्क करते हुए व्यवस्थाएं बनायी जाएं। इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए कि आमजन में अफरातफरी का माहौल न बने। अफवाहें फैलाने वालों के साथ सख्त कार्यवाही की जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि क्वारन्टाईन हेतु प्राईवेट होटल एवं हाॅस्टल आदि की व्यवस्था की जा सकती है। इसके लिए स्टाफ के प्रशिक्षण आदि की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने समस्त जिलाधिकारियों के अलावा स्वास्थ्य विभाग व अन्य विभागों को सर्तक होकर कार्य करने के निर्देश दिये। इस वीसी में जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पी0एन0 मीणा, अपर जिलाधिकारी बी0एल0 फिरमाल, मुख्य चिकित्साधिकारी डा0 सविता हयांकी, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डा0 योगेश पुरोहित, डा0 दीपाकंर डेनियल, डा0 आर0सी0 पंत, डा0 एच0सी0 गड़कोटी, आपदा प्रबन्धन अधिकारी राकेश जोशी के अलावा अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

देवभूमि खबर