डीएम ने खनिज न्यास बोर्ड में रॉयल्टी जमा करने के निर्देश दिए
अल्मोड़ा।देवभूमि खबर। जिला खनिज फाउण्डेशन न्यास की बैठक जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया की अध्यक्षता में कलैक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुई। जिलाधिकारी ने बताया कि उत्तराखण्ड खनिज फाउण्डेशन न्यास नियमावली 2017 के अन्तर्गत जनपद में जिला खनिज फाउण्डेशन न्यास का गठन किया गया है। उन्होंनेे बताया कि न्यास में जमा होने वाले अंशदान जिनमें खनन पटटों तथा सरकारी विभागों द्वारा जमा की जाने वाले रायल्टी के अतिरिक्त 25 प्रतिशत अंशदान जमा कर खनन प्रभावित ग्रामों में मूलभूत सुविधाओं हेतु कार्य किया जाना है। जिलाधिकारी ने समस्त कार्यदायी संस्थाओं को अनिवार्य रूप से खनिज न्यास बोर्ड में रॉयल्टी जमा करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बताया कि न्यास द्वारा प्रभावित ग्रामों के विकास हेतु धनराशि को खर्च किया जायेगा जिसमें चिकित्सा, शिक्षा, पेयजल, आपूर्ति, कौशल विकास आदि के अन्तर्गत खर्च किये जा सकते है। उन्होंने प्राथमिकता के आधार पर इन विभागो से प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिये ताकि आवश्यकतानुसार चिन्हित स्थानांे पर विकास कार्य किये जा सके। जिलाधिकारी ने कहा कि समस्त प्रस्तावों का स्थलीय निरीक्षण के उपरान्त एवं आगणन प्रस्तुत करने पश्चात् ही धनराशि का आवंटन किया जायेगा। जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिये कि खनन पटटा क्षेत्र के 02 किमी0 अन्तर्गत प्रभावित ग्रामों में ही मूलभूत सुविधाओं एवं अन्य विकास कार्यों हेतु कार्य किया जाना है। इसके अंतर्गत 30 लाख तक की योजनाओं को शामिल किया जा सकता है। बैठक में उप निदेशक खनिज जी डी प्रसाद ने खनिज फाउण्डेशन न्यास के कार्यों, उददेश्यों, न्यास में प्रस्तावों की प्रकृति तथा जमा अंशदान से किस-किस क्षेत्र में कार्य किया जा सकता है आदि के बारे में संक्षिप्त रूप से बताया। इस बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ विनीता शाह, अधिशासी अभियन्ता विद्युत खण्ड डी0डी0 पांगती, अधिशासी अभियन्ता लघु सिंचाई के0एस0 कन्याल, जिला शिक्षा अधिकारी राय साहब यादव, सहायक अभियन्ता, सिंचाई मनीष कुमार, सहायक अभियन्ता जल संस्थान मंजुल मेहता पटल सहायक जगजीवन बिष्ट सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
