तहसील दिवस में 50 शिकायतें दर्ज, अधिकांश का मौके पर निस्तारण
चमोली। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में मंगलवार को तहसील जिलासू में जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में तहसील दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया और अपनी समस्याएँ अधिकारियों के समक्ष रखीं।
तहसील दिवस के दौरान कुल 50 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से अधिकांश का निस्तारण जिलाधिकारी द्वारा मौके पर ही कर दिया गया। शेष शिकायतों के लिए संबंधित विभागों को प्राथमिकता के आधार पर त्वरित कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। ग्रामीणों द्वारा मुख्य रूप से सड़क, पेयजल, बिजली, श्रम कार्ड, राशन कार्ड, मार्ग सुधार तथा बंदर, लंगूर और जंगली सूअरों से फसलों को हो रहे नुकसान से संबंधित समस्याएँ दर्ज कराई गईं।
जिलाधिकारी गौरव कुमार ने अधिकारियों को सड़क, बिजली, पेयजल योजनाओं, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं सार्वजनिक वितरण प्रणाली से संबंधित शिकायतों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बिजली विभाग को झूलते विद्युत तारों को तत्काल सुधारने तथा विद्युत आपूर्ति की समस्या दूर करने के निर्देश दिए। वहीं वन विभाग को बंदर, लंगूर और जंगली सूअरों के कारण ग्रामीणों को हो रही परेशानियों के समाधान हेतु प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने पीएमजीएसवाई एवं पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को सभी सड़कों के निर्माण कार्य को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने पेयजल समस्याओं के त्वरित निस्तारण और रेलवे द्वारा अधिकृत भूमि के मुआवजे से जुड़े मामलों का निरीक्षण करते हुए ग्रामीणों को शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि अधिकारी शिकायतों का समाधान निर्धारित समय सीमा में सुनिश्चित करें और किसी कारणवश समस्या का निस्तारण न होने की स्थिति में शिकायतकर्ता को कारण की जानकारी अवश्य उपलब्ध कराएं।
तहसील दिवस के दौरान ग्राम सरणा के निवासी अनूप रावत ने मोटर मार्ग निर्माण, श्रम कार्ड और राशन कार्ड से संबंधित शिकायत प्रस्तुत की। ग्राम रानो के पंकज सिंह भंडारी ने रेलवे द्वारा अधिकृत भूमि का मुआवजा न मिलने पर असंतोष प्रकट किया। ग्राम उतरौ के अमित नेगी ने झूलते बिजली के तारों, कम वोल्टेज और पेयजल व्यवस्था में दिक्कतों की शिकायत रखी। वहीं स्थानीय निवासी सुशील तिवाड़ी ने जिलासू मोटर पुल मार्ग पर सीसीटीवी लगाए जाने एवं जिलासू सिंचाई पंप योजना जल्द शुरू करने की मांग की। मनोहरी देवी (ग्राम सरमोला) और विमला देवी (ग्राम सूगी) ने पेयजल समस्या से संबंधित शिकायतें दर्ज कराईं।
तहसील दिवस के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। कार्यक्रम में परियोजना निदेशक आनंद सिंह भकुनी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अभिषेक गुप्ता, एसडीएम सोहन सिंह रांगण, पुलिस उपाधीक्षक त्रिवेन्द्र सिंह राणा, मुख्य शिक्षाधिकारी श्रीकांत पुरोहित सहित सभी जिलास्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए किया गया कि उनकी समस्याओं का निस्तारण शीघ्र और प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
