त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर सभी मतदेय स्थलों के लिए 3600 कार्मिकों की तैनाती
चमोली।त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर सभी मतदेय स्थलों के लिए 3600 कार्मिकों की तैनाती की गई है। रविवार को सूचना विज्ञान केन्द्र में जिला मजिस्ट्रेट/जिला निर्वाचन अधिकारी(पं.) स्वाति एस भदौरिया की अध्यक्षता एवं राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों की उपस्थिति में पीठासीन अधिकारी सहित प्रथम, द्वितीय, तृतीय एवं चतुर्थ मतदान अधिकारियों का पहले चरण का रेन्डामाइजेशन किया गया। जिले में 653 मतदेय स्थलों के लिए 20 प्रतिशत रिजर्व सहित 720 पोलिंग पार्टिया बनाई गई है। प्रत्येक पोलिंग पार्टी में पीठासीन अधिकारी सहित पांच कार्मिकों की तैनाती की गई है, जिसमें एक महिला कार्मिक भी शामिल है। पोलिंग पार्टियों के लिए नियुक्त सभी कार्मिकों को 25 व 26 सितंबर को जीआईसी गोपेश्वर तथा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय गोपेश्वर के सभागार कक्ष में निर्वाचन कार्यो का प्रशिक्षण दिया जाएगा। पहली पाली में सुबह 9ः30 से 12ः15 तथा दूसरी पाली अपराह्न 12ः15 से 3ः30 बजे तक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा। पहले चरण में निर्वाचन संपन्न कराने हेतु कार्मिकों को दूसरा प्रशिक्षण 30 सितंबर, दूसरे चरण के लिए 07 अक्टूबर तथा तीसरे चरण के लिए 12 अक्टूबर को प्रशिक्षण दिया जाएगा। सभी कार्मिकों को प्रशिक्षण में शामिल होने के लिए पत्र भी प्रेषित किए जा चुके है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने पोलिंग पार्टियों के लिए नियुक्त सभी कार्मिकों को निर्धारित तिथि व समय पर प्रशिक्षण में अनिवार्य रूप से प्रतिभाग करने के निर्देश भी जारी किए है।

