देश की संस्थाओं को बर्बाद कर रही सरकार:राहुल

Spread the love

नई दिल्ली।एजेंसी।लोकसभा चुनाव में जीत के लिए कांग्रेस ने मंगलवार को गुजरात में महामंथन किया। कांग्रेस वर्किंग कमिटी की बैठक में पार्टी ने जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी को कई मुद्दों पर घेरा वहीं, जवानों को नमन कर चुनावी रणनीति के भी संकेत दे दिए। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि पीएम मोदी चुनावी फायदे के लिए लोगों की भावनाओं से खिलवाड़ कर रहे हैं। बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी ने पीएम मोदी पर सीधे हमला बोला।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा ने बैठक के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि कार्यकारिणी में देश के राजनैतिक संवाद में कड़वाहट और गिरावट पर चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि देश में राजनैतिक कड़वाहट का कारण पीएम मोदी और बीजेपी हैं। यह भारत के लिए दुर्भाग्य की बात है। उन्होंने कहा, ‘बैठक में राष्ट्रीय एकता पर भी चर्चा की गई।

बैठक में पीएम मोदी द्वारा राजनीतिक फायदे के लिए देश की जनता के बीच लकीरें खींचने की आलोचना की गई।’बैठक में जवानों की कुर्बानियों को भी नमन किया गया। उन्होंने कहा कि आतंकियों के इरादे भारत कभी कामयाब नहीं होने देगा।शर्मा ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने स्पष्ट कहा कि देश में आजादी के बाद जो संस्थाएं हैं उन पर मोदी सरकार ने निरंतर चोट की है।

देवभूमि खबर

Related articles