दिव्यांगों का पंजीकरण और उनकी मैपिंग करने के सम्बन्ध में डीडीओ ने ली बैठक
देहरादून ।निर्वाचन कार्यालय में जिला विकास अधिकारी सुशील मोहन डोभाल की अध्यक्षता में निर्वाचन नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत् अर्ह दिव्यांगों का पंजीकरण और उनकी मैपिंग करने के सम्बन्ध में सम्बन्धित विभागों और संस्थाओं के साथ समन्वय बैठक आयोजित की गई।
बैठक में उपस्थित सदस्यों द्वारा 01 जनवरी 2021 की अर्हता तिथि के आधार पर 18वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके ऐसे दिव्यांग जो अभी तक मतदाता सूची में सम्मिलित नही है को शामिल करने तथा उनको मतदान के महत्व को समझाने के सम्बन्ध में व्यापक विचार-विमर्श किया गया।
जिला विकास अधिकारी ने सम्बन्धित विभागों और संस्थाओं को विभिन्न क्षेत्रों में विभिन्न माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले दिव्यांगजनों को मतदाता सूची में शामिल करने के लिए विभिन्न प्रयास करने को कहा। उन्होंने निर्वाचन आयोग द्वारा ऐसे दिव्यांग मतदाताओं की सुविधा के लिए दिए जा रहे दिशा-निर्देशों के अनुरूप धरातल पर कार्य करने को कहा। जिला विकास अधिकारी ने वोटर हेल्पलाईन ‘1950’ के माध्यम से प्राप्त होने वाली सूचनाओं पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए उनकी हर संभव सहायता करने को कहा। साथ ही भारत निर्वाचन आयोग द्वारा वरिष्ठ नागरिकों व दिव्यांगजनों के लिए डाक मतपत्र की प्रदान की गयी सुविधा का भी स्थानीय स्तर पर प्रचार-प्रसार रकने को कहा।
बैठक में कहा गया कि शिक्षा विभाग इण्टर कालेज और डिग्री कालेज में पढने वाले ऐसे दिव्यांगजनों की सूची उपलब्ध करवाएगा जो अभी तक मतदाता सूची में पंजीकृत नहीं है। साथ ही ब्लाॅक के माध्यम से भी प्रत्येक ग्राम प्रधान तक ये सन्देश पंहुचाया जाए कि यदि कोई दिव्यांगजन मतदान करने योग्य है और अभी तक मतदाता सूची में नाम दर्ज नही है, तो उनका नाम भी दर्ज करवाएं।
समाज कल्याण विभाग, शिक्षा विभाग, जिला प्रोबेशन अधिकारी तथा जिला निर्वाचन कार्यालय की इसमें महती भूमिका है कि ये सभी ऐसे दिव्यांगजन मतदाता से सम्बन्धित सूची का आपस में आदान-प्रदान करें ताकि मतदाता सूची को त्रुटिरहित और कारगर बनाया जा सके। इसके लिए समय-समय पर विशेष जागरूकता व सहायता शिविर भी आयोजित किए जाएं।
इस दौरान बैठक में नगर शिक्षा अधिकारी इन्द्रमणी बलोदी, सदस्य राज्य दिव्यांग सलाहकार बोर्ड अनन्त प्रकाश मेहरा, संचालिका दून डिफेंस फ्रेन्डली ट्रस्ट निरूपमा रावत, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी बंशीधर उनियाल, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी हरीश पुरोहित सहित सम्बन्धित विभाग और सदस्य उपस्थित थे।

