पदोन्नति में आरक्षण को खत्म करने के लिए एकजुट होने पर दिया जोर

Spread the love

पौड़ी।देवभूमि खबर। जनरल ओबीसी इम्पलाइज एसोसिएशन पौड़ी की बैठक में पदोन्नति में आरक्षण की व्यवस्था को समाप्त करने को लेकर चर्चा की गई। बैठक में सेवानिवृत्त कर्मचारी संघ, छात्रसंघ, अधिवक्ता संघ, व्यापार सभा, नागरिक कल्याण मंच आदि संगठनों ने हिस्सा लेते हुए कर्मचारियों को पूरा समर्थन देने की बात कही। बैठक में 29 दिसंबर को पौड़ी में होने वाले गढ़ क्रांति सम्मेलन को सफल बनाने के लिए रणनीति भी बनाई गई।

रविवार को डीएवी इंटर कालेज में आयोजित बैठक में पदोन्नति में आरक्षण की व्यवस्था को समाप्त करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। व्यापार सभा के अध्यक्ष देवेंद्र रावत ने कहा कि कर्मचारियों के हितों के साथ व्यापारी पूरी तरह से उनके साथ है। उन्होंने पदोन्नति में आरक्षण की व्यवस्था को समाप्त करने पर जोर दिया। सेवानिवृत्त कर्मचारी गब्बर सिंह नेगी ने कहा कि जब तक पदोन्नति में आरक्षण समाप्त नहीं होता है तब तक एसोसिएशन लड़ाई लड़ता रहेगा। एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष सोबन सिंह रावत ने सभी से एकजुट होकर पदोन्नति मे आरक्षण के खिलाफ लड़ाई लड़ने पर जोर दिया। आरोप लगाया कि पदोन्नति में आरक्षण लागू होने से सामान्य कर्मचारियों का शोषण हो रहा है। मुख्य संयोजक सीताराम पोखरियाल ने 29 दिसंबर को होने वाले गढ़क्रांति सम्मेलन को लेकर जानकारी देते हुए सभी संगठनों से सहयोग कर सम्मेलन को सफल बनाने की बात कही। कहा कि पदोन्नति में आरक्षण को जड़ से समाप्त करना एसोएिशन का उदृदेश्य है। बैठक में व्यापार सभा के सचिव अनूप देवरानी, रघुवीर रावत, श्याम प्रसाद उनियाल, कुलदीप रावत, विक्रम राणा, रेवतीनंदन डंगवाल, जसपाल सिंह रावत, पौड़ी परिसर के यूआर नितिन रावत, दीपक नेगी, राजपाल बिष्ट, गिरीश बड़थ्वाल आदि शामिल थे।

देवभूमि खबर