तिलवाड़ा एवं अगस्त्यमुनि पहुंचकर पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग ने लिया जायजा
रुद्रप्रयाग। पुलिस अधीक्षक, रूद्रप्रयाग श्री आयुष अग्रवाल ने कस्बा तिलवाड़ा एवं अगस्त्यमुनि क्षेत्र का औचक भ्रमण कर वहां पर कोरोना संक्रमण की द्वितीय लहर से बचाव हेतु पुलिस द्वारा की जा रही आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया ।उन्होंने संबंधित प्रभारियों को बाजारों एवं बैंक इत्यादि पर सामाजिक दूरी का पालन सुनिश्चित कराने के दिशा-निर्देश दिए।पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिए कि प्रत्येक व्यक्ति अनिवार्य रूप से मास्क धारण करे।
शहरी क्षेत्रों में अनिवार्य रूप से 2:00 बजे के बाद आवश्यक सेवाओं को छोड़कर अन्य प्रतिष्ठान बंद अवश्य हों।
एसपी के भ्रमण के दौरान देखा गया कि, तिलवाड़ा एवं अगस्त्यमुनि में स्थानीय व्यापारियों द्वारा अपने प्रतिष्ठान इत्यादि समय पर बंद किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक ने इन कस्बों में ड्यूटी पर नियुक्त पुलिस कार्मिकों को निर्देशित किया कि आने-जाने वाले वाहनों की चेकिंग की जाये तथा यह सुनिश्चित किया जाये कि वाहनों में बैठी सवारियों से सामाजिक दूरी का पालन करवाये जाने तथा वर्तमान समय में निर्धारित क्षमता से आधी सवारियों के अनुरूप बैठी हों। उन्होंने सभी पुलिस कार्मिकों को अपनी स्वयं की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए अपने कर्तव्यों का अच्छे से निर्वहन करें तथा फील्ड में नियुक्त हर कर्मी को अनिवार्य रूप से फेस शील्ड पहने जाने हेतु निर्देशित किया।
संबंधित प्रभारियों को निर्देशित किया गया कि पुलिस कार्मिकों के ड्यूटी प्वाइंट पर पीने के साफ पानी की व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए।
इस अवसर पर थाना प्रभारी अगस्त्यमुनि श्री जयपाल नेगी सहित थाना अगस्त्यमुनि एवं चौकी तिलवाड़ा का स्टाफ उपस्थित रहा।

