नशीले पदार्थों की बिक्री के खिलाफ मोर्चा खोलने का ऐलान किया
हरिद्वार।देवभूमि खबर। नगर निगम पार्षदों, पार्षद प्रतिनिधियों व शहर के कई गणमान्य लोगों ने शहर में बड़े पैमाने पर नशीले पदार्थ बेचे जाने का आरोप लगाते हुए इसके खिलाफ मोर्चा खोलने का ऐलान किया है। प्रेस क्लब में पत्रकार वार्ता के दौरान पार्षद अनुज सिंह, पार्षद प्रतिनिधि कन्हैया खेवड़िया, शहाबुद्दीन अंसारी, उड़ान कोचिंग सेंटर के संचालक रविन्द्र शर्मा, आशीष मेहता, अनिल वशिष्ठ, डॉ. गौरव अग्रवाल आदि ने चिंता जाहिर करते हुए कहा कि अब तक शहर में शराब बेचे जाने के मामले सामने आते थे।
लेकिन पिछले कुछ समय से शराब के साथ स्मैक बेचे जाने की सूचनाएं भी आ रही हैं। युवा पीढ़ी शराब, स्मैक, गांजे आदि के नशे की लत की शिकार हो
रही है। लेकिन सबसे दुख की बात यह है कि हरिद्वार का हृदय स्थल कहे जानी वाली हरकी पैड़ी पर भी खुलेआम नशे का कारोबार चल रहा है। पुलिस प्रशासन इस संबंध में कोई सकारात्मक कदम उठाता नजर नहीं आ रहा है। पार्षद अनुज सिंह व पूर्व पार्षद कन्हैया खेवड़िया ने कहा कि नशे के बढ़ते कारोबार के कारण युवा अपना जीवन बर्बाद कर हैं। छोटी उम्र में ही नशे की लत का शिकार होने से कई परिवार बर्बाद हो चुके हैं। नशे की लत के शिकार युवा
लत पूरी करने के लिए अपराध की राह पर भी बढ़ रहे हैं। ऐसे में नशे के कारोबार की रोकथाम के लिए सभी को अपनी सहभागिता निभानी होगी। नशे की लत के कारण होने वाली हानि का प्रचार प्रसार शहर में किया जाना जरूरी है। उन्होंने बताया कि धर्मनगरी को मद्यनिषेध करने के लिए बड़े पैमाने पर जनजागरूकता अभियान चलाए जाएंगे। नशे की लत के शिकार युवाओं के घरों में भी दस्तक दी जाएगी। परिवारों को नशे के प्रति जागरूक करने में कोई
कोर कसर नहीं छोड़ी जाएगी। उन्होंने कहा कि कुछ नशे के कारोबारी धर्मनगरी में आकर नशे का कारोबार कर रहे हैं। उनको भी चिन्हित कर पुलिस प्रशासन के सहयोग से अंकुश लगाने का काम भी किया जाएगा। उड़ान कोचिंग सेंटर के रविन्द्र शर्मा व पार्षद प्रतिनिधि शहाबुद्दीन अंसारी ने कहा कि पढ़े लिखे परिवारों के अलावा मध्यम व निम्न मध्यम वर्ग परिवारों के युवक नशे की लत के शिकार हो रहे हैं। कई जिन्दगी नशे की लत के कारण बर्बाद हो चुकी हैं। उपनगरी ज्वालापुर को नशे की जद से मुक्त करने एक बड़ा अभियान चलाए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि नशा कारोबारी चैराहों व गली मौहल्लों में नशे का कारोबार चला रहे हैं। अपने सामाजिक दायित्व को निभाने के लिए सभी को एकजुटता दिखानी होगी। कुछ नशे के कारोबारी क्षेत्र के लोगों को डरा धमका कर भी अपना अवैध धंधा चला रहे हैं। ऐसे कारोबारियंों के खिलाफ पुलिस प्रशासन को शिकायत पर तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि धर्मनगरी को नशा मुक्त करने के लिए बड़े पैमान पर जनजागरूकता अभियान चलाए जाने की आवश्यकता है। स्कूल कालेजों में भी जनचेतना फैलायी जाए।

