केदारनाथ विधायक मनोज रावत ने किया योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण
रुद्रप्रयाग।देवभूमि खबर। अगस्त्यमुनि नगर क्षेत्र में पेयजल समस्या का संज्ञान लेते हुए केदारनाथ विधायक ने अधिकारियों के साथ क्षेत्र में चल रही विभिन्न योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाई गई खामियों को यथाशीघ्र दूर कर तथा योजनाओं में कुछ परिवर्तन कर उसे सुचारू करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। यदि अधिकारियों ने उनके सुझावों पर कार्य करना सुनिश्चित किया तो नगर क्षेत्र में पानी की समस्या का समाधान हो सकता है।
अगस्त्यमुनि नगर क्षेत्र में लगातार पेयजल समस्या बनी रहने पर सोमवार को केदारनाथ विधायक मनोज रावत ने विभिन्न पेयजल योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया, जिसमें उन्होंने पाया कि गर्मियों में क्षेत्र में पेयजल संकट बढ़ जाता है। विकल्प के रूप में गर्मियों में अगस्त्यमुनि स्थित नलकूप से पेयजल उपलब्ध कराया जा सकता है, इसके लिए उन्होंने नलकूप विभाग के सहायक अभियन्ता के साथ योजना का निरीक्षण किया। पाया कि आॅल वेदर रोड के तहत बनने वाले बाईपास से कुछ पाइप क्षतिग्रस्त हो गये हैं। उन्होंने सहायक अभियन्ता को तत्काल क्षतिग्रस्त पाइपों को वेल्डिंग कराने के निर्देश दिए। साथ ही विद्युत विभाग से नलकूप के लिए एक अलग 63 केवि का ट्रांसफाॅर्मर लगवाने के लिए कहा, जिसके बाद नगर क्षेत्र में पानी की कमी काफी हद तक दूर हो जायंेगी। वहीं उन्होंने जवाहरनगर एवं कार्तिकेयनगर पेयजल समस्या का भी संज्ञान लेते हुए गंगानगर में बनने वाली लिफ्ट पम्प योजना का भी निरीक्षण किया। अधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि इस योजना को बनने में अभी कम से कम छः माह का समय और लगेगा, उसके बाद उन्होंने जल संस्थान के अधिशासी अभियन्ता को निर्देशित किया कि वे ऊखीमठ की तर्ज पर हेण्ड पम्प पर पांच एचपी की मोटर लगाकर मुख्य टैंक तक पानी पहुंचाने का प्रयास करें। इसके लिए अगर विभाग के पास धन की कमी हो तो इसे विधायक निधि से पूर्ण किया जाय, जिस पर अधिकारी ने एक सप्ताह के अन्दर इस पर कार्य प्रारम्भ करने का आश्वासन दिया। विधायक ने जल संस्थान के अधिशासी अभियंता को पेयजल व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए वितरण व्यवस्था में सुधार करने के भी निर्देश दिए। यदि वितरण व्यवस्था सुधर जाय तो पेयजल संकट काफी हद तक दूर हो सकता है। इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं का समय समय पर निरीक्षण करने के भी निर्देश दिए। इस मौके पर उनके साथ कांग्रेस ब्लाॅक अध्यक्ष हरीश गुसाईं, नगर सभासद भूपेन्द्र राणा, राजेश नेगी सहित विभागीय अधिकारी थे।

