मोदी सरकार द्वारा संस्थानों को निजी हाथों में बेचकर उनमें कार्यरत कर्मचारियों को बेरोजगार किया जा रहा है: प्रतिमा
देहरादून।देवभूमि खबर। महानगर कांग्रेस प्रवक्ता डाॅ0 प्रतिमा सिंह ने केन्द्र की भाजपा सरकार को आडे हाथों लेते हुए कहा कि कांग्रेस ने अपने 70 वर्ष के कार्यकाल में जिन संस्थानों की स्थापना करते हुए देश को समृद्ध बनाने का काम किया तथा उन संस्थानों में देश के लाखों लोगों को रोजगार दिया। आज केन्द्र की मोदी सरकार द्वारा उन संस्थानों को या तो बन्द किया जा रहा है या निजी हाथों में बेचकर उनमें कार्यरत कर्मचारियों को बेरोजगार किया जा रहा है।
केन्द्र सरकार की इस नीति को किसी भी परिस्थिति में देश एवं जनहित में सही नहीं ठहराया जा सकता है। जिस प्रकार से भाजपा नीत केन्द्र सरकार द्वारा भारत संचार निगम लि0 में वर्षों से कार्यरत कर्मचारियों को जबरन वीआरएस लेने के लिए मजबूर किया जा रहा है, जिस तरह से एयर इण्डिया और बीपीसीएल को बन्द करने की बात की जा रही है वह देश को वर्षों पीछे धकेलने की शाजिस मात्र है। दो करोड़ लोगों को रोजगार देने का वादा करने वाली भाजपा सरकार ने अपने पिछले पांच साल के कार्यकाल में एक भी ऐसा काम नहीं किया जिससे रोजगार में वृद्धि हो अपितु जो लोग रोजगार मे थे उनका भी रोजगार छीनने का ही काम किया।
डाॅ0 प्रतिमा सिंह ने कहा कि मोदी सरकार द्वारा पिछले कार्यकाल में की गई नोटबंदी और जीएसटी से देश में कई हजार लघु उद्योग बन्द हो गये थे, रीयल स्टेट सेक्टर में काम पूरी तरह से ठप्प हुआ तथा किसानो को उनकी उत्पाद लागत न मिलने के कारण कृषि क्षेत्र में भी रोजगार के अवसर न्यूनतम हुए। पिछले पांच सालों में इन तीनों क्षेत्र में लगभग 6 करोड़ से अधिक लोग बेरोजगार हुए हैं। वित मंत्री ने अपने इस बजट में किसानों की आय बढ़ाकर दोगुनी करने की बात तो की परन्तु इसके लिए बजट में कोई प्रावधान नहीं किया। उत्तराखण्ड में महाविद्यालयों तथा आयुर्वेद काॅलेजों में फीस वृद्धि का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा सरकारों में गरीब के बच्चों से उच्च शिक्षा व रोजगार परक शिक्षा का अधिकार भी छीनने का प्रयास हो रहा है। भाजपा शासित प्रदेशों में न्यायालय के आदेशों का भी पालन नहीं हो रहा है। निजी आयुर्वेद काॅलेजों द्वारा छात्रों पर बढ़ी हुई फीस जमा करने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार का दोहरा चरित्र जनता के सामने उजागर हो गया है जिसका जवाब देश की जनता आने वाले समय में जरूर देगी।
