मंडी से तीनपानी तक की सड़क को पूर्णरूप से गड्ढा मुक्त करें: डीएम

Spread the love

हल्द्वानी।देवभूमि खबर। एनएचएआई द्वारा पेनाल्टी लगाने के उपरांत मंडी से तीनपानी तक दो किलोमीटर में पैचवर्क किया गया था। मगर बारिश के दौरान नहर का पानी ओवरफ्लो होने के कारण दोबारा सड़क में गड्ढे हो गये थे, जिन पर पुनः पैचवर्क करने के निर्देश जिलाधिकारी सविन बंसल ने एनएचएआई को रविवार को निरीक्षण के दौरान दिये।
जिलाधिकारी बंसल ने निरीक्षण दौरान एनएचएआई के प्रबंधक तकनीकी वैभव वैष्णव को निर्देश दिये कि वे एक सप्ताह के भीतर मंडी से तीनपानी तक की सड़क को पूर्णरूप से गड्ढा मुक्त करें। इस दौरान एनएचएआई अभियंता द्वारा बताया गया कि गत दिनों तीनपानी से ऊपर की ओर सड़क पर पैचवर्क किया गया मगर इंडियन बैंक के आसपास वर्षा के कारण जलभराव से पैचवर्क नहीं किया जा सका। पैचवर्क सामग्री रखी हुई है यदि दो दिन वर्षा नहीं हुई तो वहां पर भी पैचवर्क कर दिया जायेगा। इंडियन बैंक के पास नहर की साइड दीवार नहीं होने के कारण पानी सड़क पर आता है साथ ही वहां पर सड़क भी समतल नहीं है। जिलाधिकारी ने वहां भी ठीक कराने के निर्देश एनएचएआई को दिये। जिलाधिकारी ने सड़क को गड्ढा मुक्त करने के उपरांत तीनपानी से मंडी तक दो किमी सड़क को हाटमिक्स कराने के निर्देश एनएचएआई को दिये साथ ही कार्य की कार्ययोजना तैयार कर उपजिलाधिकारी विवेक राय व अधिशासी अभियंता लोनिवि हिम्मत सिंह रावत को देने के निर्देश दिये। उन्होंने उपजिलाधिकारी व अधिशासी अभियंता लोनिवि को नोडल बनाते हुये एनएचएआई द्वारा दी गई कार्ययोजना के अनुसार वर्षाकाल समाप्त होते ही हाटमिक्स कराते हुये रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिये।
जिलाधिकारी बंसल ने कहा कि 15 दिनों के भीतर यदि दो किमी सड़क हाटमिक्स नहीं हुई तो एनएचएआई के खिलाफ कडी कार्यवाही अमल में लाई जायेगी।

देवभूमि खबर

Related articles