पुलिस उपमहानिरीक्षक ने लम्बित विवेचनाओं, शिकायती प्रार्थना पत्रों तथा लम्बित विभागीय जांचो की समीक्षा की
देहरादून। पुलिस उपमहानिरीक्षक अरुण मोहन जोशी ने पुलिस कार्यालय देहरादून में जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों के साथ गोष्ठी आयोजित की । गोष्ठी के दौरान पुलिस उपमहानिरीक्षक ने लम्बित विवेचनाओं, शिकायती प्रार्थना पत्रों तथा लम्बित विभागीय जांचो की समीक्षा की । लम्बित विवेचनाओं की समीक्षा के दौरान उपमहानिरीक्षक ने समस्त क्षेत्राधिकारियों को निर्देशित किया कि वह अपने-अपने सर्किल के प्रत्येक थाने में प्रतिदिन सम्बन्धित थानाध्यक्षों व विवेचकों के साथ विवेचनाओं की समीक्षा कर उनकी अध्यतन स्थिती की जानकारी नियमित रूप से प्राप्त करते हुए गुण दोष के आधार पर उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें, अनावश्यक रूप से किसी भी विवेचना को लम्बित न रखा जाये। शिकायती प्रार्थना पत्रों की समीक्षा के दौरान महोदय द्वारा सभी क्षेत्राधिकारियों को निर्देशित किया की वह अपने पर्यवेक्षण में सभी शिकायती प्रार्थना पत्रों का समयबद्ध निस्तारण कराना सुनिश्चित करे, किसी भी दशा में कोई प्रार्थना पत्र तीन माह से अधिक अवधि तक लम्बित न रहे। लंबित विभागीय जांचो के सम्बन्ध में उपस्थित समस्त अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि प्रत्येक दशा में 10 दिवस के भीतर लम्बित विभागीय जांचो का निस्तारण करना सुनिश्चित करें। इसके अतिरिक्त सभी क्षेत्राधिकारी इस बात को सुनिश्चित करें कि उनके सर्किल में ऐसे आदतन अपराधी, जो बार-बार अपराधों में संलिप्त रहते हैं, उनके विरूद्ध आवश्यक तौर पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्यवाही की जाये तथा पूर्व में गैंगस्टर एक्ट के तहत पंजीकृत अभियोगों में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाये। सभी क्षेत्राधिकारी नियमित रूप से उक्त बिन्दुओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक कार्यवाही करना सुनिश्चित करेंगे।

