बाबा विश्वनाथ मां जगदीशिला डोली की रथयात्रा आज से हुई शुरु

बाबा विश्वनाथ मां जगदीशिला डोली की रथयात्रा आज से हुई शुरु
Spread the love

श्रीनगर। बाबा विश्वनाथ मां जगदीशिला डोली की रथयात्रा आज से शुरु हो गई है । डोली रथ यात्रा का कार्यक्रम शनिवार को देहरादून में डोली यात्रा संयोजक पूर्व शिक्षा एवं पेयजल मंत्री मंत्री प्रसाद नैथानी ने घोषित किया था। उन्होंने बताया था कि डोली रथयात्रा 10 मई को टिहरी गढ़वाल के ग्यारह गांव हिन्दाव पट्टी के विशोन पर्वत से चलकर हरिद्वार पहुंचेगी। 11 मई को हरिद्वार में हरि की पौड़ी पर गंगा स्नान के बाद डोली रथयात्रा का शुभारंभ होगा। उन्होंने कहा था कि यात्रा के माध्यम से प्रदेश में साढ़े दस हजार किमी यात्रा तय की जाएगी।

उन्होंने सरकार से अनुरोध किया कि पूर्व में यात्रा के दौरान जो 141 स्थान चयनित हो चुके हैं उन्हें तीर्थाटन सर्किट में शामिल किया जाए। यात्रा संयोजक मंत्री प्रसाद नैथानी के हवाले से श्रीनगर में रथयात्रा समिति के सदस्य बीरेन्द्र सिंह नेगी,लाल सिंह नेगी,कीर्तिनगर से रघुवीर सिंह भण्डारी ने कहा कि डोली यात्रा विगत वर्ष जिन स्थानों पर जा चुकी है उन स्थानों पर इस समय न जाकर नए स्थानों पर जाएगी। उन्होंने बताया कि 20 मई को यात्रा विभिन्न स्थानों से होते हुए भगवान कमलेश्वर मंदिर श्रीनगर गढ़वाल पहुंचेगी और श्रद्वालु एवं भक्तगण डोली से आर्शीवाद ग्रहण कर जोशीमठ के लिए रवाना होगी। उन्होंने बताया कि 30वें दिन गंगा दशहरा के दिन डोली रथयात्रा का विश्वनाथ मंदिर में नीलाछाड़ में समापन होगा।

यात्रा संयोजक पूर्व मंत्री मंत्री प्रसाद नैथानी का कहना है कि विश्व शांति और उत्तराखंड में एक हजार धाम स्थापित करना इस यात्रा का मुख्य उददेश्य है। इसके अलावा गांवों में बंजर पड़ी जमीन को आबाद करने,पलायन कर चुके लोगों को गांवों की ओर लौटने के लिए जागरूक करने के साथ ही संस्कृत भाषा के उन्नयन के लिए भी रथयात्रा के माध्यम से प्रयास किए जाएंगे। कहा जो एक हजार धाम चिन्हित होंगे,उन सभी धामों में संस्कृत विद्यालय व ध्यान केंद्र खोले जाएंगे। कहा कि 141 स्थानों पर यह यात्रा पहले जा चुकी है, इस बार यात्रा नए स्थानों पर जाएगी। कहा कि चारधाम के अलावा राज्य में बहुत सारे मंदिर व स्थल हैं जहां लोगों के कष्ट दूर होते हैं, उनको धाम के रूप में विकसित करने के लिए सरकार से अनुरोध रहेगा।

इस अवसर पर बीरेन्द्र सिंह नेगी,लाल सिंह नेगी,राकेश बिष्ट,रघुवीर सिंह भण्डारी आदि मौजूद थे।

देवभूमि खबर

Related articles